Kisan Andolan LIVE Updates : सरकार और किसानों के बीच आज भी नहीं बनी बात, 22 को फिर से होगी वार्ता

Kisan Andolan, Farmers Protest LIVE Updates: सरकार के साथ किसानों की 10वें दौर की वार्ता विफल रही है. किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की अपनी मांग पर अड़े रहे. अब अगले दौर की वार्ता 22 जनवरी को होगी. मालूम हो पिछले डेढ़ महीने से हजारों किसान दिल्ली के विभिन्न बॉर्डरों पर जमे हुए हैं. किसान आंदोलन से जुड़ी हर खबर के लिए बने रहे prabhatkhabar.com के साथ...

Live Updates
8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

सरकार और किसानों के बीच आज भी नहीं बनी बात, 22 को फिर से होगी वार्ता

सरकार के साथ किसानों की 10वें दौर की वार्ता भी विफल रही. घंटों चली बैठक में किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे, हालांकि सरकार की ओर से आंदोलन समाप्त करने के लिए कई प्रस्ताव दिये गये, लेकिन किसान नेता उसपर राजी नहीं हुए. अब दोनों के बीच 11वें दौर की वार्ता 22 जनवरी को होगी.

8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

सरकार ने कृषि कानूनों पर अस्थायी रोक का दिया प्रस्ताव, किसान नहीं हुए राजी

सरकार के साथ किसानों की 10वें दौर की वार्ता अभी जारी है. इस बीच खबर आ रही है कि सरकार ने किसानों को कृषि कानूनों पर अस्थायी रोक का प्रस्ताव दिया, जिसे किसान नेताओं ने खारिज कर दिया. सरकार ने किसान नेताओं के सामने 1 साल के लिए कानून को निलंबित करने का प्रस्ताव रखा था.

8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

किसान बोले NIA के निशाने पर प्रदर्शनकारी, सरकार बोली – बेगुनाहों की दें लिस्ट

सरकार के साथ 10वें दौर की वार्ता के दौरान किसानों ने कृषि कानूनों के अलावा एमएसपी पर भी चर्चा की. वहीं किसानों ने सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा, प्रदर्शनकारियों पर NIA निशाना बना रही है. इस पर सरकार ने किसानों से निर्दोष लोगों की लिस्ट देने को कहा है.

8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

सरकार के साथ बैठक में 40 किसान नेताओं ने लिया हिस्सा

सरकार के साथ 10वें दौर की वार्ता में 40 किसान नेताओं ने हिस्सा लिया.

8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

कृषि कानून रद्द करने की मांग पर अड़े किसान, सरकार का कानून वापस लेने से इनकार

10वें दौर की वार्ता में भी किसान और सरकार के बीच बात बनती नजर नहीं आ रही है. किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े हुए हैं, तो सरकार ने साफ कर दिया है कि कानून किसी भी कीमत पर वापस नहीं लिया जाएगा. हालांकि आज की बैठक में भी सरकार ने कह दिया है कि कृषि कानूनों पर संशोधन किया जा सकता है.

8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

किसानों ने बैठक में MSP का मुद्दा उठाया, कृषि मंत्री बोले – किसी निर्दोष के साथ नहीं होगा गलत

सरकार और किसानों के बीच 10वें दौर की वार्ता जारी है. बैठक में MSP पर बातचीत हुई. इससे पहले किसान नेताओं ने NIA का मुद्दा उठाया. इसके अलावा किसानों ने शिमला में गिरफ्तार किये गये किसानों का मुद्दा भी उठाया. किसानों को कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आश्वासन दिया है कि किसी निर्दोष के साथ गलत नहीं होगा.

8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

किसानों के साथ 10वें दौरे की वार्ता में कृषि मंत्री और गोयल मौजूद

किसानों के साथ 10वें दौर की वार्ता में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और सोमप्रकाश मौजूद हैं.

8:18 PM. 20 Jan 21 8:18 PM. 20 Jan

सरकार और किसानों के बीच 10वें दौर की वार्ता शुरू

कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग पर अड़े किसान और सरकार के बीच 10वें दौर की वार्ता आरंभ हो चुकी है. विज्ञान भवन में दोनों के बीच बैठक हो रही है. किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं.

2:20 PM. 20 Jan 21 2:20 PM. 20 Jan

थोड़ी देर में किसानों के साथ बैठक

थोड़ी देर में किसानों के साथ बैठक शुरू हो जाएगी. गृह मंत्री से मिलकर कृष‍ि मंत्री निकल चुके हैं.

2:20 PM. 20 Jan 21 2:20 PM. 20 Jan

बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कृषि कानूनों के खिलाफ किया प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने बेंगलुरु में बुधवार को केन्द्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण कई इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

सभी मेंबर अपनी फील्ड में एक्सपर्ट- सुप्रीम कोर्ट

कमिटी को लेकर किसानों के विरोध पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि- कृषि कानून पर गठित कमेटी पर सवाल उठाना ठीक नहीं. कमेटी के सभी मेंबर अपनी फील्ड के एक्सपर्ट हैं.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा मार्च

किसान यूनियनों की ओर से एडवोकेट प्रशांत भूषण ने कहा कि किसान गणतंत्र दिवस पर सिर्फ दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर ट्रैक्टर मार्च निकालना चाहते हैं.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

हम बैठक और आंदोलन भी करेंगे

केंद्र सरकार के साथ होने वाली 10वें दौर की वार्ता के लिए किसान नेता विज्ञान भवन पहुंचे. भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता ने बताया,”हम बैठक और आंदोलन भी करेंगे. किसान यहां से वापस नहीं जाएगा. MSP पर कानून, 3 कानूनों की वापसी और स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट को लागू नहीं करेंगे.”

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

थोड़ी देर में सरकार के साथ किसानों की 10वें राउंड की बैठक

विज्ञान भवन में आज भारत सरकार के साथ किसानों की 10वें राउंड की बैठक है. किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल सिंघु बॉर्डर से निकल गया है.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

रैली को कोई नहीं रोक सकता

इधर, किसान नेता राकेश टिकैत ने ट्रैक्टर रैली को लेकर कहा है कि, रैली को कोई नहीं रोक सकता (टीवी न्यूज)

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

ट्रैक्टर रैली पर सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से किया इनकार

ट्रैक्टर रैली पर सुप्रीम कोर्ट ने दखल देने से इनकार कर दिया है, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि, रैली होगी या नहीं दिल्ली पुलिस यह तय करेगी. कोर्ट ने यह भी कहा कि पुलिस रेली पर जरूरी आदेश जारी करे.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

पुलिस को उचित निर्देश देने का अधिकार

ट्रैक्टर रैली पर सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला, एपेक्स कोर्ट ने कहा- पुलिस को उचित निर्देश देने का अधिकार

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

याचिका वापस ले सरकार- सुप्रीम कोर्ट 

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से गणतंत्र दिवस पर किसानों द्वारा प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली के खिलाफ अपनी याचिका वापस लेने के लिए कहा है.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

‘हल निकालने का सरकार का अभी भी मन नहीं बना है’

सिंघु बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसान नेता ने कहा है कि, आज की बैठक भी पहले जैसे ही होगी. बैठक से हमें कोई उम्मीद नहीं. जब भी बैठक होती है हम इसलिए जाते हैं कि सरकार हमारे साथ बैठक कर इसका हल निकाले. लेकिन हल निकालने का सरकार का अभी भी मन नहीं बना है.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

किसानों ने कही रिंग रोड पर ट्रैक्टर मार्च करने की बात

ट्रैक्टर रैली निकालने को लेकर भारतीय किसान नेता पुलिस से मिलने विज्ञान भवन पहुंचे हैं, इससे पहले किसान नेता गुरनाम सिंह चादुनी ने कहा है कि- हमने उन्हें बताया है कि हम रिंग रोड पर ट्रैक्टर मार्च करेंगे, उन्हें इसे स्वीकार करना चाहिए.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

आज की बैठक से भी उम्मीद नहीं

कृषि कानूनों के खिलाफ सिंघु बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन आज 56वें दिन भी जारी है. किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष ने बताया,”आज की बैठक से भी उम्मीद नहीं है. इसका नतीजा पहली बैठक जैसा ही रहेगा क्योंकि सरकार का कानूनों को रद्द करने और MSP पर कानून बनाने का मन नहीं है.”वहीं, टिकरी बॉर्डर पर एक किसान ने जहर खा लिया है, जिसे संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन किसान की मौत हो गई.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

ट्रैक्टर रैली के खिलाफ आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई

26 जनवरी को किसान संगठनों की दिल्ली में प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली के खिलाफ आज सुप्रीम कोर्ट सुनवाई होगी.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

सिंघु बॉर्डर पर किसानों ने प्रकाश पर्व के मौके पर अरदास की

सिंघु बॉर्डर पर कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने गुरु गोविंद सिंह के ‘प्रकाश पर्व’ पर अरदास की. एक प्रदर्शनकारी ने बताया, “गुरु गोविंद सिंह हमारे 10वें गुरु हैं. उन्होंने सिख पंथ की नीव रखी थी. उनकी कुर्बानी बहुत बड़ी है. आज हमारी खुशी का ठिकाना नहीं है.”

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

कांग्रेस नहीं चाहती कि वार्ता सफल हो : भाजपा

भाजपा ने कांग्रेस पर ‘विरोध और अवरोध’ की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और किसान संगठनों के बीच जारी वार्ता को वह सफल होते नहीं देखना चाहती.

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित समिति की हुई पहली बैठक

कृषि कानूनों पर गतिरोध दूर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित समिति की मंगलवार को पहली बैठक हुई. बैठक के बाद कमेटी के सदस्य अनिल घनवट ने बताया कि किसानों के साथ पहली बैठक गुरुवार को होनी है. उन्होंने कृषि कानूनों के विरोधियों से अपील की, ‘आप हमारे पास बातचीत के लिए आइए. हम आपको सुनेंगे और आपकी राय अदालत के समक्ष रखेंगे.’

1:42 PM. 20 Jan 21 1:42 PM. 20 Jan

किसानों और दिल्ली पुलिस की आज फिर होगी बात

किसानों की 26 जनवरी को प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड को लेकर मंगलवार को दिल्ली पुलिस और किसान नेताओं के बीच सिंघू बॉर्डर पर बातचीत हुई. लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकल सका. आज फिर इसे लेकर बैठक होगी. पुलिस ने दिल्ली से बाहर परेड निकालने को कहा, जबकि किसान नेताओं ने कहा कि परेड दिल्ली के आउटर रिंग रोड पर निकालने की योजना है. पुलिस ने कहा कि इससे परेशानी हो सकती है.

8:58 AM. 20 Jan 21 8:58 AM. 20 Jan

आज होगी 10वें दौर की बैठक

किसानों के आंदोलन का आज 56वां दिन है. बीते 55 दिन से कड़ाके की ठंड में किसान लगातार दिल्ली के बर्डर पर डटे हुए है. कई दौर की बैठक के बाद भी किसानों और सरकार के बीच बात नहीं बनी. ऐसे में,आज एक बार फिर किसान संगठन और सरकार एक मेज पर आमने-सामने होंगे. आज दोपहर दो बजे 10वें दौर की बैठक होनी है. इस बैठक से पहले ट्रैक्टर परेड रोकने की दिल्ली पुलिस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई होनी है.

8:58 AM. 20 Jan 21 8:58 AM. 20 Jan

Posted by: Pritish Sahay

मुख्य बातें

Kisan Andolan, Farmers Protest LIVE Updates: सरकार के साथ किसानों की 10वें दौर की वार्ता विफल रही है. किसान कृषि कानूनों को रद्द करने की अपनी मांग पर अड़े रहे. अब अगले दौर की वार्ता 22 जनवरी को होगी. मालूम हो पिछले डेढ़ महीने से हजारों किसान दिल्ली के विभिन्न बॉर्डरों पर जमे हुए हैं. किसान आंदोलन से जुड़ी हर खबर के लिए बने रहे prabhatkhabar.com के साथ…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >