जम्मू के ऑब्जर्वेशन होम से 2 पाकिस्तानी समेत 3 कैदी फरार, पुलिस पर फायरिंग कर भागे

Jammu Observation Home Escape: जम्मू के आर.एस. पुरा ऑब्जर्वेशन होम में बड़ी सुरक्षा चूक सामने आई. दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत 3 खतरनाक कैदी पुलिसकर्मियों पर गोली चलाकर हुए फरार. CCTV वीडियो में पिस्टल लहराते हुए दिखे आरोपी. बॉर्डर वाले इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दी गई है और पुलिस की स्पेशल टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं.

Jammu Observation Home Escape: जम्मू के आर.एस. पुरा में सोमवार शाम एक बड़ी घटना हुई. यहां के ऑब्जर्वेशन होम (सुधार गृह) से तीन कैदी सुरक्षाकर्मियों पर हमला करके भाग निकले. भागने वालों में दो पाकिस्तानी नागरिक और एक स्थानीय युवक शामिल है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं.

शाम सवा 5 बजे हुआ हमला

जम्मू पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम करीब 5:15 बजे की है. तीनों कैदियों ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों, विनय कुमार और प्रवीण कुमार पर अचानक हमला कर दिया. रिपोर्ट के अनुसार, कैदियों ने पुलिसवालों के सिर पर पिस्टल की बट से वार किया और फायरिंग करते हुए वहां से भाग निकले. घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

CCTV में कैद हुई वारदात

इस पूरी घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. इसमें साफ दिख रहा है कि एक कैदी हाथ में पिस्टल लेकर उसे लोड कर रहा है और गोलियां चला रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर कड़ी सुरक्षा वाले इस सुधार गृह के अंदर कैदियों के पास पिस्टल कहां से आई और उन्हें यह हथियार किसने पहुंचाया? पुलिस अब इस ‘सिक्योरिटी लैप्स’ की गहराई से जांच कर रही है.

कौन हैं ये फरार कैदी?

पुलिस ने फरार हुए तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है:

  • मोहम्मद सनाउल्लाह: पाकिस्तानी नागरिक (राजौरी में EMCO एक्ट के तहत बंद था).
  • अहसान अनवर: पाकिस्तानी नागरिक (2019 में फॉरेनर्स एक्ट के तहत पकड़ा गया था).
  • करनजीत सिंह उर्फ गुग्गा: स्थानीय निवासी, आर.एस. पुरा (इस पर हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं).

पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी

एएनआई और पुलिस रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना के बाद जम्मू संभाग में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है और हर गाड़ी की तलाशी ली जा रही है. पुलिस की स्पेशल टीमें बनाई गई हैं जो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही हैं ताकि इन भगोड़ों को बॉर्डर तक पहुंचने से पहले ही पकड़ा जा सके.

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी कोशिशें

जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी कैदियों द्वारा भागने की कोशिश का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले कोट भलवाल जेल और जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर द्वारा सुरंग खोदकर भागने की कोशिश जैसी बड़ी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं. फिलहाल, ऑब्जर्वेशन होम के बाहर सुरक्षा को काफी बढ़ा दिया गया है और सीनियर अफसर मौके पर मौजूद हैं.

ये भी पढ़ें: गौरव गोगोई पाकिस्तान लिंक केस: केंद्र सरकार को भेजी गई SIT रिपोर्ट, असम CM हिमंता बोले- सभी सबूत दिए

ये भी पढ़ें:- असम में कांग्रेस को एक और झटका, 3 बार के मुस्लिम विधायक ने छोड़ी पार्टी, इस दल में हुए शामिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Govind jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >