Delhi Crime: दिल्ली के रोहिणी इलाके से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है. यहां सोमवार को एक 27 साल की फिजियोथेरेपिस्ट पर उसके ही जीजा ने जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बाकायदा महिलाओं वाले कपड़े और विग पहन रखी थी, ताकि किसी को शक न हो. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, हमलावर का नाम जय प्रकाश यादव है. वह नजफगढ़ का रहने वाला है और एक कोचिंग सेंटर में टीचर है. सोमवार दोपहर करीब 12:21 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-24, रोहिणी के एक थेरेपी सेंटर में एक महिला पर हमला हुआ है. हमला इतनी बेरहमी से किया गया कि महिला का गला रेत दिया गया था, हालांकि वह उस वक्त होश में थी.
लेडीज ड्रेस पहनकर क्यों आया आरोपी?
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जय प्रकाश का अपनी पत्नी और उसके मायके वालों से अप्रैल 2025 से ही विवाद चल रहा था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े जाने के डर से जय प्रकाश ने विग और महिलाओं वाले कपड़े पहने थे. इसी भेष में वह अपनी साली के ऑफिस पहुंचा और दिनदहाड़े कटर ब्लेड से उसका गला रेत दिया.
पुलिस ने बिल्डिंग की छतों पर पीछा कर पकड़ा
घटना के बाद जब बुद्ध विहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक वहां के स्टाफ और स्थानीय लोगों ने घायल महिला को BSA अस्पताल पहुंचा दिया था. पुलिस ने जब आसपास के लोगों से पूछताछ की, तो गवाहों ने बताया कि एक अजीब हुलिए वाला व्यक्ति पास की बिल्डिंग की ओर भागता देखा गया है. इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी की. एक फिल्मी सीन की तरह, पुलिस ने एक बिल्डिंग से दूसरी मंजिल पर छलांग लगाकर आरोपी को छत से दबोच लिया.
आरोपी के पास से क्या-क्या मिला?
पकड़े जाने के बाद पुलिस ने जब जय प्रकाश के बैग और सामान की तलाशी ली, तो उसमें से हमले में इस्तेमाल किया गया कटर ब्लेड बरामद हुआ. साथ ही, पुलिस ने वह विग और महिलाओं वाले कपड़े भी जब्त कर लिए हैं जिन्हें पहनकर वह वारदात करने आया था. फॉरेंसिक टीम ने मौके से खून के नमूने और अन्य सबूत भी इकट्ठे किए हैं.
बदले की आग में किया हमला
पूछताछ के दौरान आरोपी जय प्रकाश ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह बदला लेना चाहता था. उसका दावा है कि एक पुराने झगड़े के दौरान उसकी पत्नी के परिवार वालों ने उसकी मां के साथ मारपीट की थी. पुलिस फिलहाल जय प्रकाश के इन दावों की सच्चाई पता लगा रही है और सीसीटीवी फुटेज (CCTV) के जरिए उसके आने-जाने के पूरे रास्ते की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की हालत अभी नाजुक है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है. बुद्ध विहार थाने में जय प्रकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत ‘हत्या के प्रयास’ का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: असम में कांग्रेस को एक और झटका, 3 बार के मुस्लिम विधायक ने छोड़ी पार्टी, इस दल में हुए शामिल
ये भी पढ़ें:- ‘RSS शैतान, BJP उसकी परछाई’, प्रियांक खरगे का संघ पर बड़ा हमला, वीएचपी ने किया पलटवार
