Aaj ka Mausam : अगले 5 दिन बारिश की संभावना, आया IMD का अलर्ट

Aaj ka Mausam : मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर 2025 के आसपास म्यांमार-बांग्लादेश तटों के पास बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव वाला क्षेत्र बन सकता है. अगले 4-5 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत में भी कई जगहों पर तेज बारिश होती रहेगी. जानें 21 सितंबर को कैसा रहने वाला है मौसम का हाल ?

Aaj ka Mausam : मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 23 से 26 सितंबर तक ओडिशा में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. 24 से 26 सितंबर तक छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश की संभावना है. अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 21, 23 और 24 सितंबर को, गंगा किनारे पश्चिम बंगाल में 22-23 सितंबर को भारी बारिश के आसार हैं.साथ ही, पूर्वी भारत में अगले 5 दिनों तक तूफान और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

विभाग के अनुसार, अगले 4-5 दिनों तक उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान में गरज-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है. कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 25 और 26 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

झारखंड में 21 से 24 सितंबर तक बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 25 सितंबर तक बंगाल की खाड़ी में नया लो प्रेशर एरिया बन सकता है. इसके पहले झारखंड में 21 से 24 सितंबर तक बारिश की संभावना है, जिसके लिए चार दिन का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कुछ जगहों पर तेज आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है.

बिहार में बारिश के आसार

पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 23 सितंबर तक पूर्णिया, कटिहार समेत सीमांचल के जिलों में भारी बारिश होगी. 24 सितंबर को बिहार के दक्षिणी जिलों में मूसलाधार बारिश और 25 सितंबर को पूरे राज्य में जोरदार बारिश होने की संभावना है. लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी.

दिल्ली में मानसून कमजोर

दिल्ली में मानसून कमजोर पड़ने के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले छह दिनों तक बारिश की संभावना बहुत कम है और हवा की गुणवत्ता ‘मध्यम’ स्तर पर रहेगी. विभाग के अनुसार अगले 5-6 दिनों तक दिल्ली में बारिश की संभावना बहुत कम है.

आंध्र प्रदेश के अलावा यहां होगी भारी बारिश

IMD के अनुसार, तेलंगाना में 21 और 22 सितंबर को जबकि दक्षिणी आंध्र प्रदेश और यनम में 24 से 26 सितंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है. साथ ही, दक्षिणी आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में अगले 5 दिनों तक 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

असम और मेघालय के अलावा यहां होगी बारिश

21 से 24 सितंबर तक असम और मेघालय में जबकि 21 से 23 सितंबर तक नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-तूफान हो सकते हैं. इन राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है, जिससे मौसम कुछ दिनों तक बरसाती बना रहेगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >