Heavy Rain Alert: देश में मानसून की दस्तक हो चुकी है. केरल में एंट्री के बाद धीरे-घीरे यह पूरे देश में फैल रहा है. इसके साथ ही बारिश का दौर भी शुरू हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसून की रफ्तार और तेज होने की संभावना है, जिससे पूर्वोत्तर, पूर्वी, पश्चिमी तटीय और दक्षिण भारत के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है. आईएमडी ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है.
उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों के लिए बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 7 से 12 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में हल्की से लेकर मध्यम बारिश जारी रह सकती है. वहीं हिमाचल प्रदेश में 7 और 8 जून को जोरदार बारिश और तेज हवा की संभावना है. जबकि उत्तराखंड में 7 से 12 जून तक बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है. इस दौरान हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है. वहीं दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में भी आने वाले दिनों में बारिश के आसार हैं. 11 और 12 जून को दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 50 से 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आने वाले दिनों में जोरदार बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम-मेघालय में 7 से 12 जून के बीच कई इलाकों में बारिश की संभावना है. जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 जून तक अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है.
आंधी-तूफान, बिजली एवं तेज़ हवाएं
असम और मेघालय में 8 और 9 जून के दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती है. झोंकों के साथ इनकी गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है. वहीं अरुणाचल प्रदेश में 7 से 10 जून और असम-मेघालय में 7 जून को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है.
भारी बारिश
- अरुणाचल प्रदेश में 7 और 8 जून
- असम और मेघालय में 7, 8 और 12 जून
- नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 7 से 12 जून
बहुत भारी बारिश
- अरुणाचल प्रदेश में 9 से 12 जून
- असम और मेघालय में 9 से 11 जून
बिहार-झारखंड सहित कई राज्यों में बारिश और तेज हवा का अलर्ट
मानसून के पूर्वी भारत के पहुंचने से पहले ही कई इलाकों में जोरदार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग का अनुमान है कि बिहार में अधिकांश क्षेत्रों में आने वाले दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है. 9 से 10 जून के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कई स्थानों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चल सकती हैं. अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 7 से 12 जून तक बारिश की संभावना है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 8 जून को बहुत भारी बारिश होने का मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है.
मध्य भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर
छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 7 से 12 जून के बीच छिटपुट से लेकर मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. छत्तीसगढ़ में 7 जून और विदर्भ में 8 जून को तेज आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है, जहां हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
पश्चिमी भारत में मानसून की गतिविधियां तेज
कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और गुजरात क्षेत्र में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. कोंकण और गोवा में 7 और 8 जून को जोरदार बारिश के आसार हैं. महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में 7 जून को भारी बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है.
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना, रायलसीमा तथा आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में 7 से 12 जून के दौरान जोरदार बारिश के आसार हैं. केरल और माहे में 7 और 8 जून को बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि तटीय कर्नाटक में 7 से 9 जून के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 जून के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
भारी बारिश
- तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 से 10 जून.
- केरल और माहे में 7 से 8 जून को भारी बारिश वहीं 9 से 12 जून को मध्यम बारिश हो सकती है.
- लक्षद्वीप में 7 से 8 जून.
- तटीय कर्नाटक में 10 से 12 जून.
- उत्तरी और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक 7 से 12 जून.
इस दौरान दक्षिण भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है.
झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 20 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट
