Delhi Crime News: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में महज 150 रुपये के विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है. अधिकारियों ने बुधवार (24 जून) को इसकी जानकारी दी. पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि तिलक नगर थाने में सोमवार को एक युवती का फोन आया. उसने बताया कि उसके भाई पारस पर चाकू से हमला किया गया है और उसे गंभीर हालत में दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल ले जाया गया है.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
पुलिस के मुताबिक हमले में घायल शख्स का नाम पारस था. उसके शरीर पर कई गंभीर घाव थे. उसकी पीठ और बाईं जांघ पर चाकू से गहरे वार किए गए थे. तमाम कोशिशों के बाद भी उसे नहीं बचाया जा सका. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी से मिले सुराग
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई. जांच के आधार पर वारदात के कुछ घंटों के भीतर चौखंडी के बी-ब्लॉक स्थित एक पार्क से 15 और 16 साल की उम्र के तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया.
यहां पढ़ें क्राइम की दूसरी खबरें
हाजीपुर में आम के बागीचे में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
मुंबई लोकल ट्रेन में 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, दरवाजा बंद करने को लेकर हुआ था विवाद
150 रुपये को लेकर था पुराना विवाद
पूछताछ में किशोरों ने बताया कि करीब 40 से 45 दिन पहले पारस ने उनमें से एक से कथित तौर पर 150 रुपये उधार लिया था. उनका आरोप था कि बार-बार मांगने के बावजूद वह पैसे वापस नहीं कर रहा था. किशोरों के अनुसार, रविवार और सोमवार को रात के समय उन्होंने पारस को रोका और पैसे को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद बढ़ने पर एक किशोर ने कथित तौर पर पारस पर चाकू से कई हमले किए.
किशोर न्याय बोर्ड में पेश किए गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी) के समक्ष पेश कर दिया गया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.
Also Read: पुणे मर्डर केस : सिया को उसके 20वें जन्मदिन पर फूलों से सजी लग्जरी कार में केतन ने दिया था सरप्राइज
पिंटू यादव हत्याकांड: कोर्ट ने 3 को ठहराया दोषी, 1 जुलाई को सजा का ऐलान
