22 सितंबर को पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर तेज हो सकता है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटे में डिप्रेशन और फिर गहरे डिप्रेशन में बदलने की बहुत संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने ओडिशा और झारखंड समेत कई इलाकों के लिए बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा डिप्रेशन
IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र अगले 48 घंटों के दौरान पहले डिप्रेशन और फिर गहरे डिप्रेशन में बदल सकता है. इस मौसम सिस्टम के असर से पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.
सबसे ज्यादा असर ओडिशा में देखने को मिल सकता है. IMD ने 22 सितंबर को ओडिशा में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है. 23 और 24 सितंबर को भी कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है. इसके बाद 25 सितंबर को बहुत भारी और 26-27 सितंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
झारखंड में 22 सितंबर को भारी बारिश
झारखंड में भी 22 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना है. IMD ने राज्य में भारी बारिश के साथ गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है. 23 सितंबर को भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि 24 सितंबर को कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. 25 और 26 सितंबर को भी भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
बिहार में 22 सितंबर को क्या रहेगा मौसम?
बिहार को लेकर 21 सितंबर को उपलब्ध IMD के राज्यवार अलर्ट में 22 सितंबर के लिए कोई भारी बारिश की चेतावनी नहीं है. हालांकि 23 और 24 सितंबर को गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
ये भी पढे़ं: मराठवाड़ा में बारिश की कमी से पीने के पानी का संकट, 196 टैंकरों से हो रही वाटर सप्लाई, दो हफ्ते में दोगुने हुए टैंकर
बंगाल में भी बढ़ेगी बारिश की गतिविधि
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 22 सितंबर को गरज-चमक के साथ मौसम बदलने की संभावना है. इसके बाद 23 और 24 सितंबर को भारी बारिश और 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. 26 और 27 सितंबर को भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
