Chhattisgarh Train Accident : थक कर रेल की पटरी पर ही सो गए झारखंड के मजदूर, मालगाड़ी से कटकर 2 की मौत

Chhattisgarh Train Accident : छत्तीसगढ़ से एक दर्दनाक खबर आ रही है. यहां बालोद जिले में चलते-चलते थककर पटरी पर सो गए दो युवकों की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए. जानें अधिकारियों ने क्या दी जानकारी.

Chhattisgarh Train Accident : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रेल पटरी पर चलते-चलते थक कर वहीं सो गए दो युवकों की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई. हादसे में दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.  पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुसुमकसा रेलवे स्टेशन के करीब ट्रेन से कटकर 19 साल के दिल्लू राय  और 20 साल के कृष्णा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य अजय राय और विकास अमरान घायल हो गए.

सभी झारखंड के धनबाद जिले के निवासी

अधिकारियों ने बताया कि सभी पड़ोसी राज्य झारखंड के धनबाद जिले के अंतर्गत लक्ष्मणपुर गांव के निवासी हैं. उन्होंने बताया कि झारखंड से कुछ युवकों का दल मजदूरी करने के लिए यहां पहुंचा था. अधिकारियों के अनुसार आज सुबह लगभग चार बजे जब 11 युवकों का एक दल दल्लीराजहरा रेलवे स्टेशन की ओर से पटरी से होते हुए पैदल कुसुमकसा रेलवे स्टेशन जा रहा था, इसी दौरान वे थक कर पटरी पर ही बैठ गए.

थकान लगने पर पांच युवक पटरी पर ही बैठे रहे

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान थकान लगने पर पांच युवक पटरी पर ही बैठे रहे. अन्य छह आगे बढ़ गए. चार युवकों की नींद लग गई और वे वहीं सो गए, जबकि एक अन्य वहीं बैठा रहा. जब पटरी पर मालगाड़ी आती दिखी तो बैठे हुए युवक ने अन्य को जगाने की कोशिश की. जब मालगाड़ी करीब आई तो हड़बड़ी में जागे युवक बचने की कोशिश में भागने लगे, लेकिन सफल नहीं हो सके. इस घटना में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा शवों और घायलों को अस्पताल भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों के परिवारों को सूचना दे दी गई है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amitabh kumar

अमिताभ कुमार प्रभात खबर डिजिटल में Sr. Content writer हैं. पिछले 15 साल से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं.

अमिताभ 1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है.

प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है. 📩 संपर्क : amitabh.kumar@prabhatkhabar.in

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >