Bharat Taxi Launch: देश में कैब बुकिंग की दुनिया आज से पूरी तरह बदलने वाली है. आज यानी 5 फरवरी, 2026 को दिल्ली-NCR में ‘भारत टैक्सी’ (Bharat Taxi) की ग्रैंड लॉन्चिंग होने जा रही है. इसका उद्घाटन केंद्रीय सहकारिता मंत्री (को-ऑपरेशन मंत्री) अमित शाह दोपहर 3 बजे करेंगे. खास बात यह है कि यह किसी प्राइवेट कंपनी की मनमानी वाली ऐप नहीं, बल्कि एक ‘कोऑपरेटिव मॉडल’ है, जिसमें ड्राइवर ही मालिक होंगे.
क्या है भारत टैक्सी और इसका ‘Amul’ कनेक्शन?
ऑल इंडिया रेडियो (AIR) के अनुसार, यह भारत की पहली ऐसी टैक्सी सर्विस है जो सहकारिता (Cooperative) सेक्टर में शुरू की गई है. इसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड मैनेज कर रही है. आपको जानकर हैरानी होगी कि इसे चलाने वाली टीम में वो दिग्गज शामिल हैं जो पहले Amul जैसे बड़े ब्रांड के साथ काम कर चुके हैं. सरकार का मानना है कि इससे प्राइवेट कंपनियों की मनमानी और ड्राइवरों का शोषण खत्म होगा.
ड्राइवरों के लिए ‘नो कमीशन’ वाला प्लान
प्राइवेट ऐप्स (जैसे Uber या Ola) हर राइड पर ड्राइवरों से 25-30 प्रतिशत तक कमीशन काट लेती हैं. लेकिन भारत टैक्सी में मामला अलग है.
ड्राइवर ही मालिक: यहां हर ड्राइवर (सारथी) के पास कोऑपरेटिव के 5 शेयर होंगे.
डेली फीस का चक्कर: ड्राइवरों को हर राइड पर कमीशन नहीं देना होगा, बस ऐप इस्तेमाल करने के लिए दिन के 30 रुपये देने होंगे.
ज्यादा कमाई: अमित शाह ने ‘एक्स’ पर लिखा कि इससे ड्राइवर भाई-बहन न सिर्फ ज्यादा कमाएंगे, बल्कि सम्मान के साथ इसके मालिक भी बनेंगे.
30 प्रतिशत तक सस्ता होगा किराया
अगर आप अक्सर कैब से सफर करते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि भारत टैक्सी का किराया प्राइवेट ऐप्स के मुकाबले 30 प्रतिशत तक कम हो सकता है. चूंकि कंपनी ड्राइवरों से कमीशन नहीं ले रही, तो वही फायदा पैसेंजर्स को सस्ते किराए के रूप में मिलेगा.
- ऐप में आपको AC, Non-AC, XL कैब, ऑटो और बाइक टैक्सी जैसे सभी ऑप्शंस मिलेंगे.
- इसका इंटरफेस भी एकदम मॉडर्न और चलाने में सुपर ईजी है.
सेफ्टी का पूरा बंदोबस्त: दिल्ली पुलिस के साथ कोलैब
सेफ्टी को लेकर भारत टैक्सी ने काफी तैयारी की है. दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर 35 स्पेशल बूथ बनाए गए हैं जहां कोई भी परेशानी होने पर तुरंत मदद मिलेगी.
- सारे ड्राइवरों का प्रॉपर वेरिफिकेशन किया गया है.
- ऐप के अंदर ही एक डेडिकेटेड हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया है.
पायलट रन में ही हिट हो गई थी ऐप
ऑफिशियल रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिसंबर 2025 में दिल्ली और गुजरात में इसका ट्रायल (सॉफ्ट लॉन्च) शुरू हुआ था. उस दौरान हर दिन करीब 5,500 राइड्स बुक की गईं, जिनमें से 4,000 तो सिर्फ एयरपोर्ट की ट्रिप्स थीं. अभी इस प्लेटफॉर्म से 4 लाख से ज्यादा ड्राइवर जुड़ चुके हैं. दिल्ली-NCR के बाद इसे जल्द ही देश के दूसरे शहरों में भी शुरू किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: गाजियाबाद: हर काम साथ करती थी तीनों बहनें, मौत को भी चुना एक साथ
यह भी पढ़ें : गाजियाबाद में ऑनलाइन गेम की लत, 3 सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर दी जान
