PM Modi Vision 2047: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को भारत के भविष्य का अहम आधार बताया है. उन्होंने कहा कि भारत में दुनिया की टॉप तीन AI सुपरपावर में शामिल होने की क्षमता है. न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में उन्होंने भारत के AI विजन, रोजगार, स्किलिंग और वैश्विक भूमिका पर विस्तार से अपनी बात रखी. प्रधानमंत्री ने कहा ‘AI बाजार के अनुमान बताते हैं कि भारत का IT सेक्टर 2030 तक 400 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है. यह वृद्धि AI-सक्षम आउटसोर्सिंग और डोमेन-स्पेसिफिक ऑटोमेशन की नई लहरों से प्रेरित होगी.’ पीएम मोदी ने विश्वास जताया है कि भारत के पास AI पावरहाउस बनने के लिए आवश्यक प्रतिभा और उद्यमशील ऊर्जा दोनों मौजूद हैं.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा AI का लक्ष्य मानव कल्याण
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के सभ्यतागत मूल्यों का जिक्र करते हुए कहा “‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ हमारी सभ्यता का मूल दर्शन है. तकनीक का अंतिम लक्ष्य सबका कल्याण और सबकी प्रसन्नता होना चाहिए.” उन्होंने जोर देकर कहा कि AI का विकास पूरी तरह मानव-केंद्रित होना चाहिए और इसका उद्देश्य वैश्विक विकास को गति देना होना चाहिए.
रोजगार और स्किलिंग पर होगा फोकस- पीएम मोदी
AI से रोजगार पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि तैयारी डर का सबसे अच्छा इलाज है. यही कारण है कि हम AI संचालित भविष्य के लिए लोगों की स्किलिंग और री स्किलिंग में लगातार निवेश कर रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ANI से बातचीत में कहा कि AI नागरिकों को सशक्त बनाने का एक बड़ा माध्यम बनेगा और 2047 तक भारत के विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को तेज करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि भारत का AI मॉडल ग्लोबल साउथ के देशों के लिए एक स्केलेबल और प्रेरणादायक उदाहरण बन सकता है.
