Air Purifiers In Delhi Schools: दिल्ली सरकार ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के बीच छात्रों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार को घोषणा की कि सरकारी स्कूलों के 10,000 क्लासरूम में एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे. यह योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी.
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए लंबे समय के प्रशासनिक उपायों पर काम कर रही है. उन्होंने कहा कि प्रदूषण कोई एक दिन की समस्या नहीं है, बल्कि इसके लिए निरंतर और ठोस प्रयासों की जरूरत है. सूद ने बताया कि दिल्ली सरकार के स्कूलों में कुल 38,000 क्लासरूम हैं और पहले चरण में 10,000 क्लासरूम में एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे.
शिक्षा मंत्री ने AAP पर साधा निशाना
शिक्षा मंत्री ने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार केवल प्रचार या अस्थायी उपायों पर भरोसा नहीं करती. उन्होंने कहा, “हम आईआईटी की डिग्री दिखाकर ऑड-ईवन जैसे अभियानों की बात नहीं करते. हमारी सरकार प्रशासनिक और स्थायी उपायों के जरिए प्रदूषण से निपट रही है.”
आशीष सूद ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार की प्राथमिकता है कि बच्चे न केवल स्मार्ट तरीके से पढ़ाई करें, बल्कि उन्हें स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण भी मिले. उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि हमारे बच्चे साफ हवा में सांस लें और बेहतर तरीके से शिक्षा ग्रहण करें.”
नहीं थम रहा दिल्ली का प्रदूषण लेवल
इस बीच, राजधानी दिल्ली की हवा आज भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है. गिरते तापमान के चलते प्रदूषण में इजाफा दर्ज किया गया है. शुक्रवार सुबह दिल्ली में धुंध, कोहरा और हल्की स्मॉग की चादर देखने को मिली, जिससे कई इलाकों में दृश्यता काफी कम रही. प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन और सांस से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा.
