Telangana Panipuri Case: तेलंगाना के राजन्ना सिरसिल्ला जिले में कथित फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है. एक रिहायशी कॉलोनी में पानीपुरी खाने के कुछ ही समय बाद 15 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. घटना के बाद पुलिस ने पानीपुरी बेचने वाले को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
यह घटना राजन्ना सिरसिल्ला जिले के थंगल्लापल्ली मंडल स्थित केसीआर नगर कॉलोनी की है. पुलिस के अनुसार, एक सड़क किनारे पानीपुरी बेचने वाला विक्रेता कॉलोनी में पहुंचा था. बच्चों और उनके परिवार के कुछ सदस्यों ने उससे पानीपुरी खरीदी और खाई. इसके कुछ समय बाद कई बच्चों को अचानक स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगीं.
उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती
थंगल्लापल्ली पुलिस के मुताबिक, पानीपुरी खाने के बाद 15 बच्चों में उल्टी और दस्त जैसे लक्षण दिखाई दिए. हालत बिगड़ने पर सभी बच्चों को तुरंत राजन्ना सिरसिल्ला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने बताया, ‘बच्चों और उनके परिवार के लोगों ने कॉलोनी में आए एक पानीपुरी विक्रेता से पानीपुरी खाई थी. इसके कुछ समय बाद 15 बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई. सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल उनका उपचार चल रहा है.’
पुलिस जांच में जुटी, विक्रेता हिरासत में
पुलिस के अनुसार अभी तक किसी भी परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद एहतियातन कार्रवाई करते हुए पानीपुरी विक्रेता को हिरासत में लिया गया है.
पुलिस ने कहा, ‘परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन प्राप्त जानकारी के आधार पर पानीपुरी विक्रेता को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है.’
ये भी पढ़ें:- संजय राउत का दावा-50-50 करोड़ में खरीदे जा रहे हैं सांसद, 15 करोड़ दिया एडवांस, बौखलाहट में मीडिया के सामने दी गाली
ये भी पढ़ें:- ‘कोई माई का लाल कानून से खिलवाड़ नहीं कर सकता…’, CM बोले- UP में योगी बाबा, बंगाल में दादा और बिहार में सम्राट बैठा है
