श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकियों ने शनिवार को एक पुलिस दल पर गोलीबारी की जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस पी पाणि ने कहा, आतंकियों ने पुलवामा में पुलिस स्टेशन राजपोरा के पास एक पुलिस नाका दल पर गोलियां चलायीं, जिसमें हमारे दो कर्मी घायल हो गए.
उन्होंने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए एक अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बतायी जा रही है. डीआईजी ने कहा कि इलाके की घेराबंदी कर दी गयी है और हमलावरों की तलाश जारी है.
उन्होंने कहा कि यह पुलिस थाने पर किया गया हमला नहीं है. इस बीच एक पुलिस अधिकारी ने घायल कर्मियों की पहचान कांस्टेबल अब्दुल सलाम और कांस्टेबल मुनीर अहमद के तौर पर की.
