Giridih News :पारसनाथ की तराई से एसएलआर, राइफल, कारतूस व विस्फोटक बरामद

Giridih News :पारसनाथ पहाड़ी के तराई क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना पर गिरिडीह पुलिस व सीआरपीएफ ने सर्च अभियान चलाया. इस दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हासिल हुई. हथियारों व जिंदा कारतूस के अलावा विस्फाटक सामग्री बरामद की गयी है.

माओवादियों के छिपे होने की सूचना पर खुखरा व निमियाघाट थाना क्षेत्र में चला सर्च अभियान

गिरिडीह पुलिस व सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई

जोकाई नाला से एक एसएलआर, एक नट राइफल, 113 गोली, दो मैगजीन पाउच, चिरूआबेड़ा जंगल से कोरडेक्स वायर, डेटोनेटर, दो एमसील बॉक्स, पांच स्टील कंटेनर बरामद

गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार और सीआरपीएफ 154वीं बटालियन के कमांडेंट एसडी त्रिपाठी को सूचना मिली थी कि खुखरा थाना क्षेत्र के जोकाई नाला और निमियाघाट थाना क्षेत्र के चिरूआबेड़ा के आसपास नक्सलियों की गतिविधियां देखने को मिली है. दोनों अधिकारियों ने एएसपी अभियान सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट अमित कुमार झा, सीआरपीएफ-154 बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट वैभव मल्होत्रा व कोबरा-203 बटालियन की एक संयुक्त टीम बनायी. टीम ने बुधवार की सुबह पांच बजे जोकाई नाला और चिरूआबेड़ा में सघन सर्च अभियान शुरू किया. दो दिनों तक चली छापेमारी में भले ही कोई नक्सली नहीं पकड़ा गया, लेकिन क्षेत्र में छिपाकर रखे गये भारी मात्रा में हथियार एवं विस्फोटक सामग्री बरामद की गयी. गुरुवार को डुमरी एसडीपीओ के कार्यालय सभागार में पत्रकारों से बातचीत में एसपी डॉ विमल कुमार ने बताया कि जोकाई नाला से एक एसएलआर राइफल, एक नट राइफल, 7.62 मिमी की 113 जिंदा गोली, दो मैगजीन पाउच बरामद किये गये. वहीं, चिरूआबेड़ा के जंगल से 700 मीटर कोरडेक्स वायर, 23 डेटोनेटर, दो एमसील बॉक्स, पांच स्टील कंटेनर बरामद हुआ.

बुधवार की सुबह शुरू हुआ सर्च अभियान

एसपी डॉ विमल कुमार ने बताया कि पारसनाथ पहाड़ की तलहटी सहित जंगल में सर्च अभियान आगे भी जारी रहेगा. हथियार-कारतूस व विस्फोटक जमा कर रखे गये थे. कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने बताया कि हमलोगों को 23 सितंबर की देर रात सूचना मिली थी. तत्काल इसकी जानकारी गिरिडीह एसपी, सेक्टर के अधिकारियों, रेंज के डीआइजी और आइजी को देकर अभियान शुरू किया गया. पहले जोकाई नाला में अभियान चला. वहां दो-तीन माओवादियों के होने की सूचना मिली थी. अभियान के दौरान माओवादी तो नहीं मिले, लेकिन हथियार बरामद किये गये. इसके बाद चिरूआबेड़ा में अभियान चलाया गया. अभियान में बीडीडीएस टीम और डॉग स्क्वॉयड से काफी सहायता मिली. टीम में सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट पिंटू शर्मा, सीआरपीएफ-154 एफ बटालियन के पुअनि निरंजन कच्छप, खुखरा थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी के पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद व बटालियन के जवान शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PRADEEP KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >