प्रतिनिधि, रामगढ़
एक महिला को बंधक बनाकर मार-पीट करने के मामले में रामगढ़ थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिला तथा दो पुरुषों सहित सभी छःह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार के अनुसार गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र की दारुपट्टा गांव निवासी भगलू राय की पत्नी 35 वर्षीया ऊषा देवी को रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुर्गीदुमा गांव में कुछ लोगों ने बंधक बनाकर मार-पीट करते हुए घायल कर दिया था.
पीड़िता ऊषा देवी के लिखित आवेदन पर रामगढ़ थाने में कांड संख्या 55/26 के तहत 18 जुलाई 2026 प्राथमिकी की दर्ज की गई थी. भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 117(2), 74, 76, 77 एवं 3(5) के तहत दर्ज प्राथमिकी में पीडिता ने आरोप लगाया था कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के मुर्गीदुमा गांव में कुछ लोगों ने उसे घर में बंधक बना कर मार-पीट कर घायल कर दिया था.
मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार चौरसिया को सौंपी गई थी. अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त दया देवी, सरस्वती देवी, चंपा देवी, संझोतिया देवी, ब्रजेश राय तथा नरेश राय, सभी निवासी मुर्गीदुमा पंचायत नौखेता,थाना रामगढ़, जिला दुमका को गिरफ्तार कर लिया. सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में उपस्थापित कर जेल भेज दिया गया.
