पौआखाली. पौआखाली नगर के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और गोदामों में दिन के भीड़ भाड़ के वक्त चार चक्का माल वाहक वाहनों से माल खाली कराने के कारण मुख्य सड़क सहित गली सड़कों पर जाम की समस्या उत्पन्न होने लगी है. लोग इस परेशानियों का अब विरोध करने लगे हैं और पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की भी मांग करने लगे हैं. रविवार को ऐसा ही मामला नगर के वार्ड संख्या चार में मुख्य सड़क से झपड़तल जाने वाली पीसीसी गली सड़क में देखने को मिली, जहां सड़क से सटे एक रासायनिक उर्वरक के गोदाम के ठीक सामने उर्वरक से लदे ट्रैक्टरों को चालकों ने सुबह सुबह बीच सड़क पर ही खड़ा कर दिया. जिस कारण सड़क घंटे भर से अधिक समय तक पूरी तरह से जाम रहा. जाम भी ऐसा कि एक साइकिल तक को आने जाने में जगह नहीं बची थी. जाम से जूझते राहगीरों और मुहल्ले वासियों का जब धैर्य जवाब देने लगा तो इसकी शिकायत पुलिस से की. शिकायत के कुछ ही समय बाद गश्ती वाहन उक्त स्थल पर पहुंचकर सड़क को जाम से मुक्त कराते हुए दोनों ही ट्रैक्टर चालकों के पास लाइसेंस नहीं रहने पर पांच पांच हजार रुपए का चालान काटा है. थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्रा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि जो भी वाहन चालक नगर में भीड़ भाड़ वाले जगहों अथवा सड़कों पर जाम की हालात पैदा करेंगे उनपर यातायात अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी. थानाध्यक्ष ने नगर के व्यवसायिक प्रतिष्ठान मालिकों से अपील की है कि सड़क और बाजार में अवस्थित प्रतिष्ठान और गोदामों में दिन के बदले शाम के बाद माल खाली कराएं ताकि जाम की समस्या उत्पन्न नहीं हों और आमजन को आने जाने में किसी दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
