Deoghar news : स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता ही बेहतर भविष्य की कुंजी : सिविल सर्जन

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सदर अस्पताल में जागरूकता के संकल्प के साथ कार्यक्रम का आयोजन. सिविल सर्जन ने स्वस्थ देवघर बनाने पर दिया जोर.

संवाददाता, देवघर. विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल देवघर के सभागार में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार ने किया. इस अवसर पर अधिकारियों व स्वास्थ्यकर्मियों ने “स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र” के संकल्प के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की. सिविल सर्जन ने कहा कि इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस ‘सेहत के लिए एकजुट: विज्ञान के साथ खड़े होने की थीम पर मनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिससे बचाव के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और स्वच्छ जीवनशैली अपनाना जरूरी है.

रोगों की रोकथाम पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी

कार्यक्रम में जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ मनोज गुप्ता ने कुष्ठ उन्मूलन अभियान की जानकारी देते हुए लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की अपील की. जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ अभय यादव ने मलेरिया व अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए साफ-सफाई और मच्छर नियंत्रण पर जोर दिया. वरीय दंत चिकित्सक डॉ शरद कुमार ने मौखिक स्वच्छता को स्वास्थ्य का आधार बताते हुए नियमित ब्रश और दांत जांच की सलाह दी. वहीं, जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ मनीष शेखर ने संक्रामक व गैर-संक्रामक रोगों की समय पर पहचान और उपचार के महत्व को बताया. मौके पर डीपीएम नीरज भगत, डीडीएम पोखराज, डीपीसी प्रवीण सिंह, राजीव, मनीष, राजेश रॉय, शंकर दयाल, कासिम अंसारी समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJIV RANJAN

RAJIV RANJAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >