लखीसराय. विगत एक सप्ताह से लापता कवैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 20 निवासी कृष्ण महतो के 27 वर्षीय पुत्र सिकंदर कुमार की बरामदगी नहीं होने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और रविवार की सुबह लगभग साढ़े नौ बजे नया बाजार चौक पचना रोड मोड़ के पास सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मुख्य मार्ग जाम किया. जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. सूचना पर कवैया थानाध्यक्ष अमित कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर पहुंचकर जमाकर्ताओं का समझाने-बुझाने का प्रयास किया. जिसके बाद लापता युवक की मां रूना देवी व पत्नी मुस्कान कुमारी के साथ जाम कर रहे सैकड़ों लोगों ने पुलिस प्रशासन द्वारा 72 में सिकंदर की बरामदगी के आश्वासन के बाद जाम को हटाया. जानकारी के अनुसार गत 24 अगस्त से सिकंदर कुमार के लापता होने व घर नहीं लौटने पर परिजनों ने 25 अगस्त को अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए कवैया थाना में मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कवैया थाना पुलिस द्वारा मामले में शिथिलता बरते जाने पर 30 अगस्त को सिकंदर के परिजनों द्वारा पुन: एसपी अजय कुमार से मिलकर लापता सिकंदर की खोजबीन को लेकर गुहार लगायी. लेकिन वहां से भी ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर परिजनों से मुख्य मार्ग को जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ के नारेबाजी की तथा लापता सिकंदर की बरामदगी की मांग की.
तीन लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
सिकंदर के लापता को लेकर आक्रोशित लोगों ने नया बाजार चौक को लगभग पांच घंटे तक जाम दिया. जिसका समर्थन करने कांग्रेस के जिला महासचिव पंकज वर्मा, सीपीएम नेता दीपक वर्मा व राजद नेता विनय कुमार साहू जाम स्थल पर बैठ गये तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर बवाल काटा. इस दौरान थानाध्यक्ष जाम कर रहे लोगों को लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास करते लेकिन वह विफल ही रहा. नया बाजार जिले का सबसे व्यस्तम बाजार में माना जाता है तथा वह सकरी भी है. लेकिन रविवार को लापता युवक की बरामदगी को लेकर आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर के लिए वहां माहौल अफरा-तफरी का बना रहा. जमाकर्ताओं के डर से कहीं बात बिगड़ न जाय, जिससे आसपास के दुकानदार भी अपनी-अपनी दुकानें बंद रखना ही मुनासिब समझा. लापता युवक के परिजनों की निशानदेही पर कवैया थाना पुलिस द्वारा तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि लापता युवक की बरामदगी को लेकर हर प्रयास किया जा रहा है, जल्द ही इस मामले में सफलता मिलेगी.
पुलिस छावनी में तब्दील रहा जाम स्थल
शहर के मुख्य सड़क को जाम रहने के कारण व अप्रिय घटना से निपटने के लिए जाम स्थल पुलिस छावनी में तब्दील रहा. मौके पर पुलिस निरीक्षक राजीव कुमार, टाउन थाना प्रभारी थानाध्यक्ष राजकुमार, कवैया थानाध्यक्ष अमित कुमार, तेतरहाट थानाध्यक्ष मृत्युंजय पंडित, किऊल थानाध्यक्ष बृजेंद्र कुमार सहित दर्जनों सुरक्षा बल के साथ मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
