लालगंज नगर. लालगंज थाना क्षेत्र के अगरपुर में गंडक प्रोजेक्ट के सामने भूमि विवाद में दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट में आधा दर्जन लोग घायल हो गये. सभी घायलों का प्राथमिक उपचार रेफरल अस्पताल लालगंज में कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही लालगंज थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी. जानकारी के अनुसार करीब 29 कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है. मारपीट में जख्मी अगरपुर निवासी चंदन कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी करीब 29 कट्ठा जमीन है. उस जमीन पर कब्जा करने के लिए अचानक कुछ लोग अपनी गुमटी लेकर आ गये. जब उसने और ग्रामीणों ने विरोध किया, तो उनलोगों ने लाठी-डंडा से हमला कर दिया. वहीं दूसरे पक्ष के घायल नवीन शुक्ल, नागेंद्र राय ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में इस जमीन को उन्होंने उसके पट्टीदार से केवला कराया था. जिसपर ये दखल नहीं करने दे रहे है. पंचायत के लिए बुलाकर मारपीट की गयी. दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है. हालांकि, मौके पर पहुंची लालगंज पुलिस को एक भी खोखा नहीं मिल सका. घटना के बाद लालगंज थाने के दारोगा विकास कुमार और मो नौशाद आलम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गये. घायलों को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस संबंध में सदर एसडीओ 2 गोपाल मंडल ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
