Madhubani News : निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता का करें पालन : विशेष प्रेक्षक

विशेष प्रेक्षक अराधना पटनायक की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की बैठक हुई.

मधुबनी. समाहरणालय सभागार में रविवार को मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए विशेष प्रेक्षक अराधना पटनायक की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों की बैठक हुई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में जानकारी दी. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्र से प्रपत्र 6, प्रपत्र 7 एवं प्रपत्र 8 के माध्यम से प्राप्त दावा व आपत्ति का संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी स्तर से निष्पादन किया जा रहा है. विशेष प्रेक्षक अराधना पटनायक ने सभी राजनीतिक दलों से युवा मतदाता एवं महिला मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का अनुरोध किया. साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता की नियुक्ति का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में यदि किसी प्रकार की गलत प्रविष्टि, नाम जोड़ने या विलोपन पाया जाए तो दावा आपत्ति अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं. विशेष प्रेक्षक ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. साथ ही राजनीतिक दलों से भी अपेक्षित सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची से छूटे नहीं यही हमारी प्राथमिकता है. बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अवधि में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ जिला स्तर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा एवं निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के स्तर पर नियमित रूप से बैठकें की गयी है. राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि ने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा समय-समय पर सभी तरह की जानकारी बैठकों के माध्यम से दी जा रही है. साथ ही उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के द्वारा जिला स्तर पर किये जा रहे कार्यों के संबंध में संतोष व्यक्त किया गया. बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आनंद शर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर, सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: GAJENDRA KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >