संबंधित अधिकारियों को दिया आवश्यक दिशा-निर्देश सहरसा. जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बुधवार को जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा संचालित सुरक्षित स्थान का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में उपलब्ध आवासीय, शैक्षणिक व अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण क्रम में डीएम सबसे पहले परामर्शी कक्ष पहुंचे, जहां बच्चों को दी जा रही काउंसिलिंग व देखभाल की प्रक्रिया की जानकारी ली. इसके बाद उन्होंने आवासीय कक्षों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सुरक्षा व उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी. रसोई कक्ष में भोजन की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था तथा स्वच्छता की भी जांच की. साथ ही कार्यालय कक्ष में अभिलेखों का अवलोकन करते हुए संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. जिलाधिकारी ने मौजूद कर्मियों को निर्देश दिया कि संस्थान में रह रहे किशोरों की सुरक्षा, शिक्षा व स्वास्थ्य से संबंधित सभी मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने कहा कि बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता सर्वोपरि है और बच्चों को सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. निरीक्षण के दौरान डीएम ने वहां आवासित किशोरों से सीधे संवाद भी किया. उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, भोजन, खेलकूद एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली. बच्चों द्वारा बताई गई आवश्यकताओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गये. इस मौके पर सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे. निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने संस्थान की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने पर बल दिया.
सुरक्षित स्थान का डीएम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी
सुरक्षित स्थान का डीएम ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी
