Deoghar news : भू-अर्जन विभाग को मिला 219 करोड़ और मुआवजे का भुगतान हुआ महज 12 करोड़

संवाददाता, देवघर. देवघर रिंग रोड का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए हैदराबाद की कंपनी पावर मैक ने रिखिया में प्रोजेक्ट ऑफिस तो खोल लिया है, लेकिन रिंग रोड

संवाददाता, देवघर. देवघर रिंग रोड का निर्माण कार्य शुरू करने के लिए हैदराबाद की कंपनी पावर मैक ने रिखिया में प्रोजेक्ट ऑफिस तो खोल लिया है, लेकिन रिंग रोड का काम जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण चालू नहीं हो पा रहा है. नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने भू-अर्जन विभाग को देवघर रिंग रोड में भूमि अधिग्रहण के लिए कुल 219 करोड़ रुपये पहले फेज में मुहैया कराया है. एनएचएआइ के अनुसार भू-अर्जन द्वारा भूमि अधिग्रहण के लिए अब तक मात्र 12 करोड़ रुपये मुआवजे के तौर पर भुगतान किया गया है. एनएचएआइ के अनुसार जनवरी माह में भू-अर्जन विभाग को राशि मुहैया करा दी गयी है, जिसमें अभी तक 10 फीसदी भी काम चालू नहीं हो पाया है. एनएचएआइ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर पीआर पांडेय ने भू-अर्जन पदाधिकारी को पत्र लिखकर भुगतान जल्द करने का आग्रह किया है. प्राेजेक्ट डायरेक्टर के अनुसार मार्च माह में ही निर्माण कार्य करने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी के साथ एग्रीमेंट हो चुका है. एनएचएआइ के नये गाइडलाइन के अनुसार छह महीने के अंदर 90 फीसदी भूमि अधिग्रहण होने के बाद ही निर्माण कार्य चालू हो जायेगा. अगर छह महीने के अंदर भूमि अधिग्रहण कर कंपनी को जमीन मुहैया नहीं करायी गयी तो एनएचएआइ द्वारा कंपनी को जुर्माना का भुगतान करना पड़ सकता है. ऐसी परिस्थिति में राजस्व की क्षति हो सकती है. एनएचएआइ ने भू-अर्जन पदाधिकारी को अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया है. हालांकि प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने कंपनी के साथ बैठक कर रिंग रोड के लिए शुरुआत में मिट्टी लेबलिंग का काम चालू करने का निर्देश दिया है. देवघर रिंग रोड में पहले चरण में दर्दमारा बिहार सीमा से रिखिया होते हुए मोहनपुर हिंडोलावरण तक काम चालू किया जायेगा, दूसरे चरण देवघर अंचल में काम चालू किया जायेगा. कुल 65 किमी लंबा देवघर बायपास को दो वर्ष में पूरा करना है. डीपीआर के मुताबिक देवघर रिंग रोड फोरलेन बनेगा. देवघर रिंग रोड के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय से कुल 84 मौजा में 727 एकड़ भूमि अधिग्रहण किया जाना है. देवघर रिंग रोड में 226 एकड़ सरकारी भूमि पर काम होगा. इस प्रोजेक्ट में कुल 400 करोड़ रुपये मुआवजा राशि का भुगतान किया जाना है. ॰रिंग रोड में पहले चरण में दर्दमारा बिहार सीमा से रिखिया होते हुए मोहनपुर हिंडोलावरण तक काम होगा चालू ॰दूसरे चरण देवघर अंचल में काम चालू किया जायेगा. ॰डीपीआर के मुताबिक देवघर रिंग रोड फोरलेन बनेगा. ॰रिंग रोड के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय से कुल 84 मौजा में 727 एकड़ भूमि अधिग्रहण किया जाना है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMARNATH PODDAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >