Political news : शराब घोटाला के साक्ष्यों को नष्ट करने की साजिश, निष्पक्ष कार्रवाई करें मुख्यमंत्री : बाबूलाल

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखा पत्र.

रांची.

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिख कर शराब घोटाला के साक्ष्यों को नष्ट करने की साजिश का आरोप लगाते हुए मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने उत्पाद विभाग से एसीबी द्वारा संचिकाओं की जब्ती, शराब घोटाला के साक्ष्यों को नष्ट करने की साजिश और उससे होने वाले संभावित राजस्व नुकसान को लेकर सवाल उठाया है. पत्र में उन्होंने लिखा है कि मंगलवार की रात यह सूचना मिली कि उत्पाद विभाग के कार्यालय से रात में भारी मात्रा में कागजात एसीबी द्वारा ले जाये गये. यह कोई सामान्य प्रशासनिक अथवा विधिक प्रक्रिया का हिस्सा नहीं था, बल्कि पूरी तरह गुप्त और संदिग्ध परिस्थितियों में अंजाम दिया गया.

बाबूलाल ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के हस्तक्षेप से की गयी. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिरकार एक ट्रक कागजात आधी रात को ही क्यों हटाये गये ? क्या उत्पाद विभाग एवं एसीबी के भीतर किसी बड़े भ्रष्टाचार के खेल की तैयारी चल रही है? क्या यह कार्रवाई कुछ चुनिंदा अधिकारियों एवं राजनीतिक सरगनाओं को बचाने के उद्देश्य से की गयी है ? यह कदम महत्वपूर्ण साक्ष्यों को नष्ट करने एवं आगामी समय में संभावित इडी/सीबीआइ जांच से पूर्व भ्रष्टाचार और घोटालों के सबूत मिटाने का प्रयास प्रतीत होता है. यह न केवल संवैधानिक दायित्वों का उल्लंघन है, बल्कि राज्य की जनता के हितों एवं राजस्व सुरक्षा पर सीधा आघात है. कहा गया है कि शराब घोटाले से संबंधित ऐसे महत्वपूर्ण संचिकाओं एवं दस्तावेजों को जानबूझकर नष्ट करने की कोशिश की जा रही है, जिससे चुनिंदा शराब माफियाओं, अफसरों एवं इसमें शामिल सत्ताधारियों को भविष्य में बचाया जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJIV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >