झंझारपुर. अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों को एक्सपायरी दवा देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र के ललित नारायण चौधरी ने अपने 3 वर्षीय बेटे को इलाज के लिए अस्पताल लाये थे, जहां चिकित्सक ने एक्सपायर दवा आइबुप्रोफेन ओरल दी. जब ललित नारायण चौधरी ने इसकी शिकायत की, तो अस्पताल प्रशासन ने न केवल गलत दवा वितरण की पुष्टि की, बल्कि गाली-गलौज व मारपीट भी की. मामले की शिकायत जिला चिकित्सा पदाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से की गयी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और अन्य अधिकारियों के खिलाफ झंझारपुर एसीजेएम कोर्ट में परिवाद पत्र दाखिल किया है. आरोप है कि सरकारी अस्पताल में अधिकारियों की लापरवाही व प्रशासन की उदासीनता के कारण मरीजों की सुरक्षा खतरे में है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
