कहलगांव ने रचा इतिहास, 764 ब्लॉकों में समय से पहले जनगणना कार्य पूरा, बिहार के लिए बना मॉडल
Bhagalpur News : 764 गणना ब्लॉक, हजारों घर और सटीक डेटा. कहलगाँव ने जनगणना 2027 के पहले चरण को समय से पहले पूरा कर ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने पूरे बिहार में इसकी पहचान एक मॉडल प्रखंड के रूप में स्थापित कर दी है.
कहलगांव, भागलपुर से प्रतिनिधि की रिपोर्ट
Bhagalpur News : जनगणना 2027 के प्रथम चरण में कहलगाँव प्रखंड ग्रामीण ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए समय से पहले मकानसूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है. इस उपलब्धि को राज्य स्तर पर सराहा गया है और इसे बिहार के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बताया गया है.
प्रखंड प्रशासन और टीम वर्क से मिली बड़ी सफलता
इस पूरे कार्य का नेतृत्व बीडीओ राजीव रंजन, बीपीआरओ अमित राज और मास्टर ट्रेनर अलकमा राशिद द्वारा किया गया. इनके मार्गदर्शन में प्रखंड के सभी कर्मियों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय से पहले लक्ष्य हासिल किया. प्रशासनिक टीम की सक्रियता और फील्ड स्तर पर मजबूत निगरानी इस सफलता की प्रमुख वजह रही.
764 ब्लॉक और 4.40 लाख आबादी का सफल आंकलन
प्रखंड जनगणना कोषांग के अनुसार कहलगाँव ग्रामीण चार्ज में कुल 209 राजस्व ग्राम शामिल हैं. यहां 104 पर्यवेक्षकीय सर्किलों के अंतर्गत 764 गणना ब्लॉक बनाए गए थे. इस चरण में कुल 4,40,555 जनसंख्या और 88,089 परिवारों का सटीक डेटा संकलित किया गया है.
राज्य स्तरीय टीम ने की समीक्षा, कार्य को बताया संतोषप्रद
रविवार को सहायक निदेशक जनगणना अंगद सिंह के नेतृत्व में राज्य स्तरीय निगरानी टीम ने कहलगाँव पहुंचकर कार्य की समीक्षा की. केंद्रीय जिला नोडल अधिकारी विवेक कुमार भी समीक्षा बैठक में मौजूद रहे. सहायक चार्ज अधिकारी बीपीआरओ अमित राज ने पूरी प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसके बाद टीम ने कार्य को “बहुत संतोषप्रद” बताया.
बिहार के लिए बना अनुकरणीय मॉडल
समीक्षा के दौरान सहायक निदेशक अंगद सिंह ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में गणना ब्लॉकों के बावजूद कहलगाँव ने समयबद्ध और त्रुटिरहित कार्य कर उदाहरण प्रस्तुत किया है. उन्होंने कहा कि यह मॉडल अन्य प्रखंडों के लिए भी प्रेरणा बनेगा.केंद्रीय जिला नोडल अधिकारी विवेक कुमार ने भी कहा कि भागलपुर जिले में कहलगाँव का प्रदर्शन सबसे तेज और सटीक रहा है. सभी प्रगणक और पर्यवेक्षक इस सफलता के लिए बधाई के पात्र हैं.
अगले चरण की तैयारी शुरू
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के दूसरे चरण में उम्र, लिंग, साक्षरता, व्यवसाय सहित अन्य सामाजिक-आर्थिक विवरणों का विस्तृत डेटा एकत्र किया जाएगा. इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.