सिमडेगा. जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है. इसी क्रम में उपायुक्त कंचन सिंह के दिशा-निर्देशन में अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो ने जनता दरबार का आयोजन कर विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. उन्होंने एक-एक कर फरियादियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली तथा मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित किया. जनता दरबार में भूमि विवाद और जमीन पर जबरन कब्जे से जुड़े कई मामले प्रमुखता से सामने आये. एक गरीब, वृद्ध एवं असहाय विधवा महिला ने अपनी जमीन को जबरन कब्जे से बचाने की गुहार लगायी. वहीं सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण के बाद मुआवजा राशि का भुगतान कराने, हल्का कर्मचारी द्वारा पंजी टू के पन्ने हटाये जाने की शिकायत, उत्तराधिकारी दाखिल-खारिज कराने सहित अन्य राजस्व मामलों को लेकर भी ग्रामीणों ने आवेदन दिये. ग्रामीणों ने अतिवृष्टि से घर गिरने, अबुआ आवास योजना का लाभ, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, चापाकल उपलब्ध कराने तथा नया जन वितरण प्रणाली दुकान उपलब्ध कराने से संबंधित समस्याएं भी रखीं. अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमसम्मत कार्रवाई करते हुए मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.मौके पर नजारत उप समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
ग्रामीणों की फरियाद सुनने बैठे अफसर, जमीन कब्जे से अबुआ आवास तक पहुंचे आवेदन

जनता दरबार में मौजूद लोग | Prabhat Khabar Network
Copied link
सिमडेगा में अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो ने जनता दरबार लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए.