मोतिहारी.राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने कहा कि आज हमारी सेना किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है. जिस पर मुझे ही नहीं देशवासियों को गर्व है. कहा- जीवित वहीं है, जो दूसरे के लिए जीता है, वह हैं हमारे जवान. जिन्हें हर भारतवासी सलाम करता है.वह शुक्रवार को मोतिहारी के गांधी मैदान में शौर्य वेदनम उत्सव सह सेना पराक्रम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि अहिंसा भारतीय संस्कृति का एक हिस्सा है. भारत ने सदैव शांति स्थापना के लिए काम किया है. हमारी सफलता का मूल मंत्र अहिंसा है. किसी भी समस्या का समाधान वार्ता से होना चाहिए. न कि हिंसा से. आत्मनिर्भरता के तहत भारत अन्य मामलों के अलावा रक्षा के क्षेत्र में भी समृद्ध हुआ है. मेक इन इंडिया, नवाचार, स्वदेशी, गौरव के साथ अब रक्षा उत्पाद के निर्यात में भी वृद्धि हुई है. यह हमारे लिए गौरव के साथ सरकार की भी बड़ी उपलब्धि है. सेना व सरकार की प्रतिबद्धता के कारण ही हम सुरक्षित व संरक्षित हैं. आमलोगों के साथ देश समृद्धि की ओर बढ़ रहा है. राज्यपाल ने कहा कि सैनिकों की वीरता, शौर्य के कारण देश की संप्रभुता व समानता मजबूत हुई है. हिमालय की बर्फीली चोटियों व घने जंगल में 24 घंटे जगते हैं. हमलोग उनकी बदौलत सोते हैं. जरूरत पड़ने पर थल, जल व वायु सेना के जवान मातृ भूमि की रक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगा देते हैं. हमारे जवान सीमा सुरक्षा के साथ आपदा की घड़ी में भी गौरवशाली कार्य करते हैं. दस साल में रक्षा के क्षेत्र में हम मजबूत हुए : राधामोहन रक्षा संबंधी स्थायी समिति के चेयरमैन सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि इस तरह का आयोजन बिहार में पहली बार हो रहा है. भारतीय सेना की वीरता का अभिनंदन करता हूं. दस वर्ष से रक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है. हमारी सेना मजबूत हुई है. आत्मनिर्भर भारत, मेक इन इंडिया जैसे कार्य हो रहे हैं. रक्षा बजट में वृद्धि की गयी है. तेजस, अग्नि, ब्रह्मोस्त्र आदि हमारे लड़ाकू विमान हर क्षण दुश्मनों के मंसूबाें को ध्वस्त करने को तैयार रहते हैं. मौके पर मंत्री कृष्णनंदन पासवान, विधायक प्रमोद कुमार, राणा रणधीर सिंह, श्यामबाबू यादव, सुनिलमणि तिवारी, बिहार-झारखंड के जीओसी विकास, ले. ज. पदम सिंह शेखावत, स्वामी निरंजन, डीजी एसपीके सिंह सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
