Rice Flour Pancake: कई बार छुट्टी के दिन सुबह जल्दी उठने का मन नहीं करता है और देर से उठने के बाद समझ नहीं आता है कि जल्दी से क्या बनाया जाए? ऐसे में अगर आप बिना ज्यादा मेहनत के कुछ स्वादिष्ट डिश बनाना चाहते हैं तो चावल के आटे से बना पैनकेक एक बेहतरीन ऑप्शन है. आप इस पैनकेक को झटपट तैयार कर सकते हैं और छुट्टी की सुबह को और भी खास बना सकते हैं. आइए जानते हैं चावल के आटे का पैनकेक बनाने की आसान विधि.
पैनकेक बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए?
- चावल का आटा- 1 कप
- प्याज- 1 बारीक कटा हुआ
- शिमला मिर्च- 1 बारीक कटा हुआ
- गाजर- 1 बारीक कटा हुआ
- दही- 2 चम्मच
- हरी मिर्च- 1 बारीक कटी हुई
- टमाटर- 1 बारीक कटा हुआ
- सूजी- 3 बड़े चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर- आधा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- धनिया पत्ती- 2 चम्मच बारीक कटी हुई
- पानी- जरूरत के अनुसार
- तेल- जरूरत के अनुसार
- बेकिंग सोडा- आधा चम्मच
पैनकेक को कैसे तैयार करें?
- चावल के आटे से पैनकेक बनाने के लिए सबसे पहले आप एक बर्तन में चावल का आटा लें. इसमें आप सूजी और दही को डाल दें. पानी डालकर इसे अच्छे से मिक्स कर लें और थोड़ी देर के लिए ढककर रख दें.
- इसके बाद आप इसमें प्याज, शिमला मिर्च, टमाटर, हरी मिर्च और गाजर को बारीक काटकर डाल दें. अब आप इसमें नमक और लाल मिर्च पाउडर को डाल दें. बारीक कटी हुई धनिया पत्ती को डाल दें और सभी चीजों को अच्छे से मिला लें.
- अब आप इसमें बेकिंग सोडा डाल दें. थोड़ा पानी डालकर अच्छे से मिक्स कर लें. घोल को ज्यादा पतला नहीं करें.
- पैनकेक बनाने के लिए आप पैन को गर्म करें और इसमें थोड़ा सा तेल लगा लें. इसके बाद आप एक बड़े चम्मच की मदद से घोल को पैन में डाल दें और गोल फैला लें. इसे ज्यादा नहीं फैलाएं.
- अब ढककर थोड़ी देर पका लें. जब एक तरफ से पक जाए तब आप पैनकेक को पलटकर दूसरी तरफ से भी पका लें. इस तरह से आप बचे हुए घोल से सारे पैनकेक को तैयार कर सकते हैं. तैयार पैनकेक को आप चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- Arbi Sabji Recipe: खाने का स्वाद होगा दोगुना, जब तैयार करेंगे बिना प्याज-लहसुन के टेस्टी अरबी की सब्जी
यह भी पढ़ें- Sabudana Recipe Ideas for Breakfast: साबूदाना से दें नाश्ते का नया ट्विस्ट, ट्राई करें ये ब्रेकफास्ट रेसिपी आइडियाज
