Ragi Dates Laddu: अगर आप अक्सर थके हुए महसूस करते हैं, एनर्जी की कमी है या कमजोरी लग रही है, तो ये छोटे-छोटे रागी खजूर के लड्डू आपके लिए परफेक्ट हैं. इसे आप घर पर आसानी से बना सकते हैं. इसे बनाने की रेसिपी हर्षिता चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @yummy_tummy25 पर शेयर की हैं. उन्होंने रागी खजूर के लड्डू को बनाने और खाने का तरीका के साथ इसके फायदे भी बताए हैं.
रागी खजूर के लड्डू बनाने के लिए क्या चाहिए?
- खजूर (बीज निकालकर) – 300 ग्राम
- तिल – 35 ग्राम
- बादाम – 35 ग्राम
- रागी का आटा – 150 ग्राम
- घी – 3–4 बड़े चम्मच (भूनने/बांधने के लिए)
- इलायची पाउडर
रागी खजूर के लड्डू बनाने का तरीका क्या है?
- सबसे पहले आप बादाम और तिल को ड्राई रोस्ट कर लें. इसे मिक्सर जार में डालकर पाउडर बना लें. अब एक कड़ाही में घी गरम करें, इसके बाद आप इसमें रागी के आटे को अच्छे से भून लें.
- इसके बाद खजूर को मिक्सर में डालकर हल्का दरदरा पेस्ट बना लें. इसे भी थोड़े से घी में अच्छे से 2 मिनट के लिए कुक कर लें. अब इसमें रागी के आटे के साथ तिल और बादाम का पाउडर भी डाल दें. जरूरत लगे तो आप इसमें घी भी डाल दें. इसे अच्छे से मिक्स करें.
- अब इससे आप छोटे-छोटे लड्डू बना लें. इस तरह आप आसानी से रागी खजूर का लड्डू बना सकते हैं.
स्टोर करने का तरीका
- इसे एक एयर टाइट कंटेनर में रखें. रूम टेम्परेचर (ठंडे मौसम में) में 5–6 दिन तक या लंबे समय तक रखने के लिए फ्रिज में रख सकते हैं.
खाने का तरीका
- हर रोज एक लड्डू खाएं. सबसे अच्छा समय मिड मॉर्निंग या शाम का स्नैक्स है.
फायदे
- रागी – आयरन से भरपूर
- खजूर – मीठा और आयरन बढ़ाने के लिए
- तिल – जरूरी मिनरल्स होते हैं
- बादाम – हेल्दी फैट और विटामिन E के लिए फायदेमंद
यह भी पढ़ें- Arbi Sabji Recipe: खाने का स्वाद होगा दोगुना, जब तैयार करेंगे बिना प्याज-लहसुन के टेस्टी अरबी की सब्जी
यह भी पढ़ें- Masala Moongfali: सफर और स्नैक टाइम के लिए बेस्ट, आसानी से बनाएं मसाला मूंगफली नमकीन
