Aloo Suji Appe: अगर आप हर दिन एक ही तरह का नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया, हेल्दी और मिनटों में बनने वाली डिश ट्राय करना चाहते हैं, तो आलू सूजी अप्पे आपके लिए सबसे बेस्ट चॉइस है. यह एक साउथ इंडियन स्नैक है जिसे तैयार करने में काफी कम तेल का इस्तेमाल होता है और साथ ही यह आपके पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है. इस डिश की सबसे खास बात है कि इसे बनाने में न ज्यादा मेहनत लगती है और न ही आपको लंबी तयारी करनी पड़ती है. जब आप इसे घर पर बनाते हैं तो इसका स्वाद सिर्फ बड़ों को ही नहीं बल्कि बच्चों को भी काफी ज्यादा पसंद आता है. आलू सूजी अप्पे को बनाने के लिए इन्हें डीप फ्राई करने की जरूरत नहीं पड़ती, आप इन्हें काफी कम तेल में अप्पे पैन का इस्तेमाल करके भी बना सकते हैं. चलिए जानते हैं आलू सूजी अप्पे बनाने की आसान रेसिपी.
आलू सूजी अप्पे बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 1 कप सूजी
- 2 उबले आलू, अच्छे से मैश किए हुए
- आधा कप दही
- आधा कप पानी
- 1 बारीक कटा प्याज
- 1 बारीक कटी हरी मिर्च
- 1 छोटा टुकड़ा कद्दूकस अदरक
- 2 बड़े चम्मच कटी शिमला मिर्च
- 2 बड़े चम्मच कद्दूकस गाजर
- 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया
- आधा छोटा चम्मच राई
- आधा छोटा चम्मच नमक या फिर स्वादानुसार
- एक चौथाई छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- एक चौथाई छोटा चम्मच चाट मसाला
- 1 चुटकी बेकिंग सोडा या ईनो
- तेल – अप्पे बनाने के लिए
यह भी पढ़ें: शाम की भूख मिटाने के लिए ट्राय करें ये सुपरहेल्दी स्नैक, एक बार खाएंगे तो रोज बनाने का करेगा मन
बैटर तैयार करने की रेसिपी
- आलू सूजी अप्पे का बैटर तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बाउल में सूजी और दही डालकर अच्छे से मिलाएं. इसके बाद इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार करें. इस बात का खास ख्याल रखें कि बैटर ना ज्यादा पतला हो और ना ज्यादा मोटा. अब इसे 10 से 15 मिनट ढककर रख दें ताकि सूजी फूल जाए.
- इसके बाद इसमें मैश किए हुए आलू डालें और अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद प्याज, हरी मिर्च, अदरक, शिमला मिर्च, गाजर और हरा धनिया डालकर मिक्स करें. नमक, लाल मिर्च और चाट मसाला भी मिला दें. आखिर में अप्पे बनाने से ठीक पहले इसमें बेकिंग सोडा या ईनो डालकर हल्के हाथ से चलाएं.
आलू सूजी अप्पे बनाने की रेसिपी
- अप्पे पैन को गैस पर गर्म करें और हर खांचे में कुछ बूंद तेल डालें. अब तैयार बैटर को चम्मच की मदद से खांचों में भरें और गैस को मीडियम-लो फ्लेम पर सेट करके इसे ढककर 3 से 4 मिनट पकने दें.
- जब ये नीचे से गोल्डन हो जाएं, तो चम्मच या स्टिक की मदद से पलट दें और फिर दूसरी तरफ से भी 2 से 3 मिनट पकाएं जब तक अप्पे चारों तरफ से क्रिस्पी न हो जाएं.
- गर्मागर्म आलू सूजी अप्पे तैयार हैं. आप इन्हें नारियल चटनी, हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें. आप अगर चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और धनिया डालकर स्ट्रीट-स्टाइल स्वाद दे सकते हैं.
यह भी पढ़ें: बिना डीप फ्राई किए मिनटों में बनाएं स्पाइसी पनीर चिप्स, स्वाद ऐसा कि भूल जाएंगे बाहर के स्नैक्स
