Mattress Cleaning Tips: क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ है कि सुबह सोकर उठते ही आपको लगातार छींकें आने लगी हों, आंखों में खुजली होने लगी हो या फिर अचानक से ऐसा महसूस हुआ हो कि गला भारी सा हो गया हो? जब ऐसा होता है तो अक्सर हम यह सोचते हैं कि मौसम में हो रहे बदलाव की वजह से हमें ठंड लग गई है. अगर आप भी हर बार ऐसा ही सोचते हैं, तो जरा रुकिए और अच्छे से सोचिए. कई बार इन प्रॉब्लम्स की वजह मौसम नहीं, बल्कि आपका वही गद्दा भी हो सकता है जिस पर आपने पूरी रात सुकून की नींद ली है.
ऊपर से बिल्कुल साफ और चकाचक दिखने वाला गद्दा कई बार अपने अंदर लाखों डस्ट माइट्स की एक अलग दुनिया बसाकर रखता है. इसके अलावा इस गद्दे में पसीना भी जमा हुआ होता है और हमारे डेड स्किन सेल्स भी मौजूद होते हैं. अब शायद यह बात आपके दिमाग में कहीं पर घर कर रही होगी कि जिस गद्दे को आप पूरी तरह से साफ समझ रहे हैं, वही आपकी बीमारी की वजह बन रहा है. आज इस आर्टिकल में हम आपको इसी गद्दे को साफ करने के सबसे आसान और कारगर तरीके बताने जा रहे हैं. इन ट्रिक्स को अपनाकर आप भारी से भारी गद्दे को मिनटों में साफ कर सकते हैं.
गद्दे के अंदर आखिर ऐसा क्या छिपा होता है?
रात के समय जब हम सो रहे होते हैं, तो हमारे शरीर से पसीना भी निकलता रहता है और स्किन के छोटे-छोटे ड्राई पार्टिकल्स यानी कि डेड सेल्स भी गिरते रहते हैं. यही डेड स्किन सेल्स डस्ट माइट्स नाम के माइक्रोस्कोपिक इंसेक्ट्स का फेवरेट खाना बनती हैं. ये डस्ट माइट्स इतने छोटे से होते हैं कि आप इन्हें बिना माइक्रोस्कोप के देख ही नहीं सकते हैं. ये छोटे-छोटे कीड़े हमें काटते तो नहीं हैं, लेकिन इनकी वजह से हमें एलर्जी, सांस लेने में दिक्कतें, बार-बार छींक आना और चेहरे पर दाने निकल आने जैसी प्रॉब्लम्स होने लगती हैं. इसके अलावा कई बार पसीने के मॉइस्चर की वजह से गद्दे में फंगस भी जमने लगती है.
ये भी पढ़ें: गंदा और बिखरा हुआ किचन देखकर बढ़ जाती है टेंशन? ये आसान हैक्स मिनटों में दूर कर देंगे आपकी परेशानी
घर पर गद्दा साफ करने के 5 आसान तरीके
चादर और पिलो कवर को गरम पानी में धोएं
अगर आप कम समय और मेहनत में गद्दे की सफाई करना चाहते हैं, तो सबसे पहले गद्दे से चादर, तकिये का कवर और अगर कोई मैट्रेस कवर लगा है, तो उसे निकाल लें. अब इन्हें थोड़े गरम पानी और डिटर्जेंट के साथ धोएं. गरम पानी से चादर पर छिपे सारे कीड़े और बैक्टीरिया तुरंत खत्म हो जाते हैं.
वैक्यूम क्लीनर से धूल खींचें
अगर आपके घर में वैक्यूम क्लीनर रखा हुआ है, तो उसका इस्तेमाल भी आप गद्दे की ऊपरी सतह और किनारों की सिलाई को अच्छे से साफ करने के लिए कर सकते हैं. यह वैक्यूम क्लीनर गद्दे के रेशों में फंसे हुए धूल, बाल और डेड स्किन सेल्स को आसानी से बाहर निकालने में मदद करता है.
बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें
अगर गद्दे से बदबू आ रही है या फिर उसमें मॉइस्चर सा महसूस हो रहा है, तो इससे छुटकारा पाने के लिए आप बेकिंग सोडा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. सबसे पहले पूरे गद्दे पर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें और उसे करीबन 2 घंटे के लिए ऐसे ही छोड़ दें। जब आप ऐसा करते हैं तो गद्दे के अंदर समाई हुई पसीने की बदबू को बेकिंग सोडा पूरी तरह से एब्जॉर्ब कर लेता है. इसके बाद एक कपड़े या फिर वैक्यूम क्लीनर से गद्दे की अच्छे से सफाई कर लें.
दाग और धब्बों को साफ करें
अगर इस गद्दे पर चाय, कॉफी या फिर किसी भी अन्य खाने-पीने की चीज़ का दाग लग गया है, तो पूरे गद्दे को पानी से गीला करने की गलती भूलकर भी न करें. अगर गद्दे के अंदर पानी चला गया तो वह खराब भी हो सकता है. गद्दे के दाग-धब्बों की सफाई करने के लिए पानी में थोड़ा सा विनेगर या फिर बर्तन धोने वाला जेल मिक्स करके कपड़े पर लगाएं और सिर्फ दाग वाली जगह पर हल्के हाथों से रगड़कर सफाई करें.
धूप और हवा दिखाएं
जब गद्दे की अच्छे से सफाई हो जाए, तो उसे कुछ घंटों के लिए किसी ऐसी जगह पर रख दें जहां पर धूप और हवा अच्छे से आती हो. सूरज की धूप गद्दे को अच्छे से सुखा देती है और बचे हुए सारे बैक्टीरिया भी खत्म कर देती है.
ये भी पढ़ें: दरवाजे पर जमे काले और चिपचिपे दाग नहीं हो रहे साफ? ये आसान ट्रिक मिनटों में दिखाएगी कमाल
