'लॉक अप: सच या सजा' की ट्रॉफी जीतने के बाद श्रेया कालरा जितनी अपनी जीत को लेकर चर्चा में रहीं, उससे कहीं ज्यादा उनकी ट्रॉफी ने इंटरनेट पर हलचल मचा दी. वजह थी ट्रॉफी पर लिखा 'सीजन 1'. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर मीम्स और थ्योरीज की बाढ़ आ गई. कई लोगों ने तो यहां तक कह दिया कि कहीं मेकर्स ने गलती से मुन्नवर फारूकी वाली ट्रॉफी ही श्रेया को तो नहीं पकड़ा दी. अब इस पूरे मामले पर खुद श्रेया ने रिएक्ट किया है.
'मुन्नवर की ट्रॉफी नहीं मिली मुझे'
श्रेया कालरा ने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को खारिज करते हुए साफ कहा कि उन्हें कोई पुरानी ट्रॉफी नहीं दी गई है. उन्होंने बताया कि मुन्नवर फारूकी के पास उनकी अपनी ट्रॉफी है और जो बातें इंटरनेट पर कही जा रही हैं, वे पूरी तरह गलत हैं. श्रेया ने कहा कि लोगों ने बिना पूरी जानकारी के अलग-अलग कहानियां बना लीं.
आखिर ट्रॉफी पर 'सीजन 1' क्यों लिखा है?
श्रेया ने बताया कि ट्रॉफी पर 'सीजन 1' लिखे होने की वजह बेहद आसान है. हालांकि यह शो का दूसरा सीजन है, लेकिन 'लॉक अप: सच या सजा' पहली बार Netflix पर स्ट्रीम हुआ है. इसलिए ट्रॉफी पर 'सीजन 1' लिखा गया, जो नेटफ्लिक्स पर शो के पहले सीजन को दर्शाता है. इसका पूरे फ्रेंचाइजी के सीजन नंबर से कोई संबंध नहीं है.
ट्रॉफी पर 'सीजन 1' देखकर कन्फ्यूज हुए फैंस
ग्रैंड फिनाले के दौरान जैसे ही श्रेया कालरा ने ट्रॉफी उठाई, सोशल मीडिया यूजर्स की नजर उस पर लिखे 'सीजन 1' पर चली गई. इसके बाद ट्रॉफी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे. कुछ लोगों ने इसे मेकर्स की बड़ी गलती बताया, जबकि कई यूजर्स ने मजाक में कहा कि यह मुन्नवर फारूकी की ट्रॉफी है. हालांकि अब श्रेया की सफाई के बाद पूरा मामला साफ हो गया है.
शिवांगी और योगेश को हराकर जीता खिताब
'लॉक अप: सच या सजा' के ग्रैंड फिनाले में श्रेया कालरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की. शो के विजेता का फैसला एक्स-कैदियों, जेलर्स और मीडिया ज्यूरी की वोटिंग के आधार पर किया गया. फिनाले में शिवांगी जोशी फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि योगेश रावत सेकेंड रनर-अप बने. श्रेया ने ट्रॉफी के साथ 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी भी अपने नाम की.
फराह खान और रितेश देशमुख ने किया शो होस्ट
इस सीजन को फराह खान और रितेश देशमुख ने होस्ट किया, जबकि शो को एकता कपूर और शोभा कपूर ने बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया.
ये भी पढ़ें: Lock Upp 2 Winner: शिवांगी जोशी को पीछे छोड़ श्रेया कालरा बनीं 'लॉक अप 2' की विनर, जीते 1 करोड़ रुपए
