Dhurandhar the revenge:धुरंधर 2 के इस एक्टर ने कहा उन्हें ढेर सारी धमकियां अब तक मिल चुकी हैं

धुरंधर 2 के एक्टर विवेक सिन्हा ने इस इंटरव्यू में फिल्म से अपनी यादों को सांझा किया

dhurandhar the revenge:‘धुरंधर : द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नये रिकॉर्ड बना रही है. फिल्म से जुड़ा हर किरदार खास बन गया है. यही वजह है कि जहूर मिस्त्री का किरदार निभाने वाले विवेक सिन्हा भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गये हैं. उर्मिला कोरी से हुई बातचीत के प्रमुख अंश.

‘धुरंधर’के सभी किरदार निखरकर सामने आये हैं

हिंदी सिनेमा में ऐसी बहुत कम ही फिल्में बनती हैं, जहां लीड एक्टर के अलावा दूसरे किरदार का भी इतना प्रभाव हुआ हो. धुरंधर से जितने भी किरदार हैं, सब निखर कर सामने आये हैं. सबकी चमक बढ़ी है, वरना हमारी फिल्मों में पूरा फोकस लीड एक्टर पर ही रहा है, लेकिन ये फिल्म अलग है. पहले पार्ट में रणवीर सिंह का किरदार साइड था. पूरा फोकस अक्षय खन्ना के किरदार पर था, जिसका पूरा क्रेडिट आदित्य धर को जाता है. इतनी कमाल की फिल्म बनी है कि दर्शक चार घंटे होने के बावजूद थिएटर से हिल नहीं रहे हैं.

ऐसे मिला मुझे जहूर मिस्त्री का किरदार

कोविड के बाद से ऑडिशन ज्यादातर वीडियो के जरिये होने लगे हैं. मुझे भी मुकेश छाबड़ा की टीम से इस फिल्म के लिए ऑडिशन देने को कहा गया और बताया गया कि यह आदित्य धर की फिल्म है. मुझे जहूर मिस्त्री का किरदार बताया गया, पर प्लेन हाइजैक की घटना पुरानी होने की वजह से मैं उससे परिचित नहीं था. फिल्म करने के बाद ही इसके बारे में जाना. इस किरदार के लिए मुझे दाढ़ी और बाल कटवाने पड़े, जो मेरे लिए मुश्किल था, क्योंकि मैंने 11 साल से दाढ़ी नहीं कटवाई थी. शुरुआत में लगा कि मैं कैसा दिखूंगा, पर पर्दे पर वह लुक किरदार में पूरी तरह रच-बस गया. ऑडिशन में फाइनल होने के बाद जब पता चला कि यह रणवीर सिंह की फिल्म है, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा.

एक्टर हूं, वही निभाता हूं, जो कहानी मांगती है

मुझे इंस्टाग्राम पर एक महिला का मैसेज आया कि आप हिंदू होकर पैसों के लिए इतना कैसे गिर सकते हैं? मैंने उन्हें वॉइस मैसेज में जवाब दिया कि मैं एक पाकिस्तानी आतंकवादी का किरदार निभा रहा हूं, वह वैसा ही बोलेगा. ऐसे किरदारों के लिए पाकिस्तान से लोग नहीं आयेंगे, भारत के कलाकार ही उन्हें निभाते हैं. कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना है. पूरा भारत फिल्म के साथ खड़ा है, तो कुछ लोग खिलाफ में भी चाहिए.मुझे कई लोग सोशल मीडिया पर इस बात के लिए धमकी दे चुके हैं कि मैंने हिन्दुओं के लिए ऐसा कैसे बोला.

सादगी में कमाल के आदित्य धर, अभिनय में रणवीर सिंह बेमिसाल

आदित्य धर बहुत ही कूल और बहुत सुलझे हुए इंसान हैं, इसलिए इतनी कमाल की फिल्म बनायी है. आप देखिये ना, इतनी बड़ी फिल्म देने के बाद भी वह इंसान कही चीख-चिल्ला नहीं रहा है, बल्कि मंदिर जा रहा है. आध्यात्मिक स्ट्रॉन्ग आदमी ही इतनी क्रिएटिव तौर पर कमाल कर सकता है. मैं खुद जब से प्रेमानंद महाराज से जुड़ा हूं, मेरी जिंदगी बदल गयी है.वहीं, रणवीर सिंह कमाल के एक्टर हैं. सेट पर उनका व्यवहार सभी के साथ एक जैसा रहता है. सभी से बात करते हैं. उनकी एनर्जी देखने लायक होती है.

फिल्म के बाद सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स की संख्या लाखों में पहुंची

सोशल मीडिया पर मेरे फॉलोअर्स पहले गिनती के थे, पर इस फिल्म के बाद वे लाखों में पहुंच गये हैं. कुछ लोग मेरे खिलाफ सोशल मीडिया पर गलत लिखते हैं, तो उन्हें जवाब देने के लिए लोग खुद आगे आते हैं और कहते हैं कि मैं एक एक्टर हूं, मैं हिंदू हूं, लेकिन किरदार की वजह से मुझे ऐसा बोलना पड़ा. सोशल मीडिया पर लोग यह भी कह रहे हैं कि मुझे और सशक्त खलनायक की भूमिकाएं मिलनी चाहिए. यह मेरे लिए बहुत प्यार है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Urmila Kori

I am an entertainment lifestyle journalist working for Prabhat Khabar for the last 14 years. Covering from live events to film press shows to taking interviews of celebrities and many more has been my forte. I am also doing a lot of feature-based stories on the industry on the basis of expert opinions from the insiders of the industry.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >