Bigg Boss 20 Review: क्या पैसे देकर बुक हुई ‘बिग बॉस’ की सीट? सलमान खान भी दिखे बेजान!

Big Boss 20: ‘कौन है ये?’... ‘इन्हें तो पहली बार देख रहे हैं’... ‘भाई, ये Bigg Boss है या कोई ऑडिशन राउंड?’ और सबसे मजेदार सवाल- ‘पैसे देकर आए हैं क्या?’

‘कौन है ये?’... ‘इन्हें तो पहली बार देख रहे हैं’... ‘भाई, ये Bigg Boss है या कोई ऑडिशन राउंड?’ और सबसे मजेदार सवाल- ‘पैसे देकर आए हैं क्या?’

Bigg Boss 20के ग्रैंड प्रीमियर के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के कमेंट्स का मूड कुछ ऐसा ही है. जिस शो में कंटेस्टेंट की पहली झलक के साथ ही दर्शक अगले तीन महीने का ड्रामा सोचने लगते थे, इस बार वही दर्शक चेहरों को पहचानने में उलझे नजर आए.

6 सितंबर की रात Salman Khan वापस लौटे. Bigg Boss का 20वां सीजन शुरू हुआ. घर चमचमाता दिखा. स्टेज भव्य था. नए ट्विस्ट का ऐलान हुआ. लेकिन जैसे-जैसे कंटेस्टेंट्स की एंट्री होती गई, एक चीज साफ होती गई- मेकर्स ने घर सजाने में जितनी मेहनत की, कास्टिंग में उतनी दिखाई नहीं दी.

मानो Bigg Boss में एंट्री कोई कास्टिंग नहीं, सीट बुकिंग हो!

मैरी कॉम, आम्रपाली, आसिफ और माही ने बचाई लाज

माना कि हर कंटेस्टेंट सुपरस्टार नहीं हो सकता. Bigg Boss को सिर्फ बड़े नामों की जरूरत भी नहीं है. लेकिन एक बात जरूरी है- चेहरे में कहानी होनी चाहिए. मैरी कॉम का आना अपने आप में बड़ा प्रयोग है. आम्रपाली दुबे का अपना मजबूत दर्शक वर्ग है. आसिफ खान को दर्शक उनके काम से जानते हैं. माही विज भी टीवी का जाना-पहना नाम हैं. इन नामों को देखकर कम से कम यह सवाल नहीं उठता कि इन्हें क्यों बुलाया गया. लेकिन इनके बाद?

कई चेहरों को देखकर दर्शक पहले उनका परिचय ढूंढ रहे हैं और फिर यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर इनमें ऐसा क्या खास है, जो इन्हें Bigg Boss के घर तक ले आया.

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि इस साल ज्यादातर कंटेस्टेंट किसी बड़ी controversy, विवाद या चर्चा की वजह से सुर्खियों में रहे ही नहीं. यही तो Bigg Boss की casting का असली खेल होता था.

किसी का कोई पुराना विवाद होता था. किसी की किसी से दुश्मनी. कोई अपने बेबाक बयान के लिए जाना जाता था. कोई सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में रहता था. यानी कंटेस्टेंट घर में कदम रखता था तो उसके साथ पहले से एक कहानी भी अंदर आती थी.

न कोई ताजा controversy. न कोई बड़ा विवाद. न ऐसी चर्चा कि दर्शक कहें- ‘अच्छा, अब इसे घर में देखना है.’

और यहीं से सोशल मीडिया पर फैंस का वह तंज निकलता है- ‘क्या पैसे देकर कंटेस्टेंट्स ने अपनी सीट बुक कर ली है?’ यहां यह साफ कर देना जरूरी है कि यह फैंस का सवाल और सोशल मीडिया का तंज है. जब दर्शक किसी कंटेस्टेंट को पहचान ही नहीं पा रहे और उन्हें उनमें कोई खास बात या विवाद नहीं दिख रहा, तो सोशल मीडिया पर यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या मेकर्स ने सिर्फ पैसे लेकर जगह दी है, न कि किसी दमदार किरदार को.

क्योंकि प्रीमियर देखकर ऐसा लगा जैसे casting meeting में सबसे जरूरी सवाल यह नहीं था कि ‘कौन घर में बवाल मचाएगा?’ बल्कि यह था- ‘कौन मिल रहा है?’

सलमान भी जैसे पूछ रहे हों- मैं किससे बात करूं?

और बात सिर्फ कंटेस्टेंट्स की नहीं है.

Salman Khan की मौजूदगी Bigg Boss के प्रीमियर को अपने आप बड़ा बना देती है. लेकिन इस बार कई जगह सलमान भी ऐसे दिखे जैसे सामने बैठे कंटेस्टेंट्स को लेकर उनके पास ज्यादा कुछ कहने को नहीं है.

वह वही सलमान हैं. वही मंच है. वही कैमरे हैं. वही Bigg Boss का घर है.

लेकिन जब सामने बैठे चेहरे दर्शकों के लिए ही नए हों और उनके साथ कोई खास कहानी पहले से जुड़ी न हो तो होस्ट भी आखिर कितना मसाला निकाल पाएगा?

प्रीमियर में कई बार ऐसा लगा कि कंटेस्टेंट सलमान को entertain करने आए हैं या सलमान उन्हें? यही इस प्रीमियर की सबसे बड़ी कमजोरी रही.

MC Stan-Asim Riaz की ‘सस्ती कॉपी’?

कुछ कंटेस्टेंट्स को देखकर सोशल मीडिया पर एक और चर्चा शुरू हो गई है. Scout और Qazi Taukeer को लेकर फैंस उन्हें MC Stan और Asim Riaz की ‘सस्ती कॉपी’ तक कह रहे हैं. MC Stan जब Bigg Boss 16 में आए थे तो उनके पास अपना अंदाज था. अपनी भाषा थी. अपना स्टाइल था. Asim Riaz के साथ भी यही था. उनकी aggression, उनका confidence और उनका लड़ने का अंदाज उनकी अपनी पहचान बना.

लेकिन इस बार कुछ चेहरों को देखकर दर्शकों को पुराने सफल contestants की याद आ रही है, जो फ्रेश चेहरा बेशक थे, लेकिन शो में आने के बाद ब्रांड बन गए. शहनाज गिल इसका सबसे बड़ा उदाहरण रही हैं. Scout में MC Stan वाली vibe और Qazi Taukeer में Asim Riaz वाला अंदाज तलाशा जा रहा है. सोशल मीडिया पर कमेंट्स आ रहे हैं, 'Scout को देखकर MC Stan याद आ गया, वही अंदाज़ है.' या 'Qazi Taukeer में Asim Riaz वाली एनर्जी दिख रही है, पर वो बात नहीं.' ऐसे कमेंट्स बताते हैं कि दर्शक नयापन ढूंढ रहे हैं, नकल नहीं.

किसी पुराने hit contestant का attitude उठा लेना आसान है. उसकी भाषा, aggression या style की नकल करना भी आसान है. मुश्किल है अपना ऐसा personality बनाना, जिसे देखने के बाद दर्शक किसी पुराने contestant को याद ही न करें. Bigg Boss को अगली बार किसी की photocopy नहीं, ऐसा original चाहिए जिसके बाद लोग उसकी copy करने की कोशिश करें.

पुराने contestants को ही वापस बुला लेते!

प्रीमियर देखते हुए कई बार मन में आया कि अगर मेकर्स को इतने नए और कम चर्चित चेहरे ही लाने थे तो पुराने सीजन के दो-चार धुरंधरों को ही वापस बुला लेते. कम से कम दर्शकों को पता होता कि घर में आग कौन लगाएगा. किससे लड़ाई होगी. कौन दोस्ती करेगा. कौन पलटी मारेगा. कौन nominations में खेल बदलेगा.

यानी Bigg Boss ने घर तो बना लिया, लेकिन उसमें रहने वाले किरदारों की कहानी बनाना भूल गया. और यही वजह है कि ग्रैंड प्रीमियर कई जगह ‘ग्रैंड’ कम और लंबा खिंचा हुआ इंट्रोडक्शन इवेंट ज्यादा लगा.

एक के बाद एक एंट्री. बातचीत. डांस. थोड़ा ड्रामा. सलमान के साथ बातचीत. फिर अगला चेहरा. लेकिन वह एक एंट्री?

जिसके आते ही आप कुर्सी पर सीधे बैठ जाएं और कहें- ‘ओहो... अब आएगा मजा!’ उसका इंतजार प्रीमियर खत्म होने तक बना रहा.

Bigg Boss को सेलिब्रिटी नहीं, किरदार चाहिए

यही बात मेकर्स को समझनी होगी. Bigg Boss को हर बार बड़े स्टार नहीं चाहिए. कई बार अनजान चेहरा भी शो का सबसे बड़ा खिलाड़ी बन जाता है. लेकिन उस चेहरे में अपनी कहानी, अपना attitude और अपनी personality तो होनी चाहिए.

किसी को गुस्सा करना आए. कोई बहस करे. कोई रणनीति बनाए. कोई मजेदार हो. कोई ऐसा हो जिसे दर्शक प्यार करें और कोई ऐसा भी हो जिसे देखकर दर्शकों को गुस्सा आए.यानी घर में सिर्फ लोग नहीं, किरदार चाहिए.

इस बार दिक्कत यही है कि प्रीमियर के बाद भी कई कंटेस्टेंट्स की पहचान उनके अपने नाम से कम और दूसरे पुराने contestants से तुलना के जरिए ज्यादा हो रही है.

और इससे खराब शुरुआत casting के लिए क्या होगी?

असली टेस्ट अभी बाकी है

हां, फैसला अभी पूरी तरह सुनाना जल्दबाजी होगी.

Bigg Boss का इतिहास गवाह है कि जो कंटेस्टेंट पहले दिन boring लगता है, वही बाद में पूरा सीजन अपने नाम कर सकता है. हो सकता है आज जिन चेहरों को देखकर दर्शक ‘ये कौन हैं?’ पूछ रहे हैं, वही दो हफ्ते बाद सबसे ज्यादा चर्चा में हों.

लेकिन ग्रैंड प्रीमियर का काम उम्मीद जगाना होता है. Bigg Boss 20 ने पहली रात उम्मीद से ज्यादा सवाल जगाए हैं.

क्या ये कंटेस्टेंट शो को संभाल पाएंगे?

क्या कम चर्चित चेहरों के बीच कोई नया स्टार निकलेगा? क्या Scout, Qazi और बाकी कंटेस्टेंट्स अपनी पहचान बना पाएंगे या पुराने Bigg Boss contestants की परछाई में ही दिखाई देंगे? सबसे बड़ा सवाल- क्या मेकर्स की यह casting आने वाले हफ्तों में अपने फैसले को सही साबित कर पाएगी?

क्योंकि अभी तो हाल यह है कि Salman वही हैं. घर वही Bigg Boss वाला है. कैमरे वही हैं. नियम नए हैं. लेकिन जिन लोगों के लिए दर्शक तीन महीने टीवी से चिपकेंगे, उन्हीं पर सबसे बड़ा सवालिया निशान लगा है.

फैंस का ‘पैसे देकर सीट बुक की है क्या?’ वाला तंज भले ही मजाक में आया हो, लेकिन उसके पीछे की नाराजगी गंभीर है.

क्योंकि Bigg Boss में सीट मिलना बड़ी बात नहीं है. उस सीट पर बैठकर ऐसा किरदार बनना बड़ी बात है, जिसे देखने के लिए दर्शक अगली रात फिर लौटे.

और फिलहाल Bigg Boss 20 के ग्रैंड प्रीमियर के बाद यही कमी सबसे ज्यादा खलती है. बिग बॉस 20 का घर भले ही खुल गया हो और खेल शुरू हो गया हो, लेकिन असली टेस्ट तो अब है. मेकर्स ने भले ही उम्मीद से ज्यादा सवाल खड़े कर दिए हों, लेकिन यह देखना बाकी है कि ये नए चेहरे दर्शकों को सीट से चिपकाए रख पाएंगे या फैंस बोर होकर रिमोट उठा लेंगे.

ये भी पढ़ें- Bigg Boss 20 LIVE: इन 16 कंटेस्टेंट्स ने सलमान खान के शो में मारी धमाकेदार एंट्री, पहले ही दिन चाय को लेकर मचा घमासान

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नेहा वर्मा

Neha Verma is an entertainment journalist with over 11 years of experience in Bollywood and digital journalism. She has worked with leading media brands including Aaj Tak, Navbharat Times and Dainik Jagran, reporting on celebrities, films, television and the wider entertainment industry. Known for her exclusive stories and breaking news coverage, she has worked in both Delhi and Mumbai. She currently heads the Entertainment section at Prabhat Khabar Digital.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >