Bigg Boss 20 Promo: सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 20' में भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे ने एक बड़ा ही मजेदार और पुराना किस्सा सुनाया है. यह किस्सा भोजपुरी इंडस्ट्री के दो सबसे बड़े सुपरस्टार्स यानी मनोज तिवारी और रवि किशन से जुड़ा है. आम्रपाली ने शो में बताया कि कैसे कई साल पहले एक फिल्म के सेट पर इन दोनों के बीच इस बात को लेकर बहस छिड़ गई थी कि फाइट सीन में पहला मुक्का कौन किसे मारेगा, और इसी चक्कर में पूरे दिन की शूटिंग ठप हो गई थी.
मनोज तिवारी की बेटी के सामने आम्रपाली ने सुनाया किस्सा
बिग बॉस के घर में आम्रपाली दुबे, मनोज तिवारी की बेटी रीति, लवगिल, स्काउट और यंग डीएसए के साथ बैठी हुई थीं. बातों ही बातों में आम्रपाली ने बताया कि एक दौर था जब रवि किशन और मनोज तिवारी के बीच 13 साल लंबी दुश्मनी चलती थी. दोनों एक-दूसरे को कड़ा कॉम्पिटिटर मानते थे और एक साथ बात तक नहीं करते थे. इसी दौरान दोनों फिल्म 'गंगा, जमुना, सरस्वती' की शूटिंग कर रहे थे.
पहला घूंसा मारने पर अड़ गए दोनों सुपरस्टार
फिल्म में मनोज तिवारी पुलिस वाले बने थे और रवि किशन गुंडे का रोल कर रहे थे. दोनों के बीच एक जबरदस्त फाइटिंग सीन शूट होना था, लेकिन तभी पेंच फंस गया. मनोज तिवारी का कहना था कि पुलिस गुंडे को पकड़ने आई है, इसलिए पहला घूंसा पुलिस ही मारेगी. वहीं रवि किशन अपनी जिद पर अड़ गए कि कहानी के हिसाब से यह इलाका उनका है, तो पुलिस वाला उन पर पहले हाथ कैसे उठा सकता है. दोनों में से कोई भी झुकने को तैयार नहीं था और इसी बहस में 6 घंटे तक पूरी शूटिंग रुकी रही.
जब बीच में फंसे निरहुआ और खुद खाया मुक्का
जब मामला बिल्कुल नहीं सुलझा, तब तीसरे बड़े एक्टर दिनेश लाल यादव यानी निरहुआ को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा. निरहुआ ने दोनों का गुस्सा शांत करने के लिए एक बीच का रास्ता निकाला. उन्होंने कहा, 'आप दोनों एक-दूसरे को मारने के लिए हाथ उठाओ, मैं बीच में आकर आप दोनों को छुड़ाने की कोशिश करूंगा और पहला मुक्का मुझे लग जाएगा.' इसके बाद ही झगड़ा शांत हुआ, निरहुआ ने खुद पर मार खाई और फिर जाकर सीन की शूटिंग पूरी हो पाई.
बीजेपी में आने के बाद खत्म हुई 13 साल की दुश्मनी
रवि किशन और मनोज तिवारी की यह तनातनी इंडस्ट्री में शाहरुख खान और सलमान खान के पुराने झगड़े जैसी मानी जाती थी. रवि किशन ने खुद एक इंटरव्यू में माना था कि दोनों एक-दूसरे से इतना जलते थे कि अगर एक किसी रास्ते से आता, तो दूसरा रास्ता बदल लेता था. हालांकि सालों बाद जब दोनों सितारों ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जॉइन की, तब जाकर दोनों की दुश्मनी खत्म हुई और आज दोनों बहुत अच्छे दोस्त हैं.
