Rajvir Jawanda: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर गायक और अभिनेता राजवीर जवांदा शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गए. यह हादसा हिमाचल प्रदेश के बद्दी इलाके के पास हुआ, जहां उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए आवारा मवेशी से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि राजवीर को सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई और वे तुरंत जमीन पर गिर पड़े. हादसे के बाद उन्हें सबसे पहले नजदीकी सिविल अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने बताया कि राजवीर को गंभीर हेड इंजरी और स्पाइनल इंजरी हुई है. इलाज के समय उन्हें दिल का दौरा भी पड़ा. हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल रेफर कर दिया गया.
राजवीर की हालत है नाजुक
अस्पताल से जारी बयान में कहा गया कि राजवीर 27 सितंबर को दोपहर करीब 1:45 बजे फोर्टिस मोहाली के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराए गए. उस वक्त वे बेहद नाज़ुक स्थिति में थे. डॉक्टरों ने तुरंत उनकी जांच की और न्यूरोसर्जरी टीम को बुलाया. जांच के बाद उन्हें एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया और फिलहाल वे वेंटिलेटर पर हैं. उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है. हादसे से एक दिन पहले ही राजवीर ने इंस्टाग्राम पर अपने नए गाने का प्रमोशन किया था.
राजवीर का करियर
बता दें, राजवीर जवांदा का नाम पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में बहुत पॉपुलर है. 35 साल के इस सिंगर ने कई हिट गाने दिए हैं, जिनमें ‘काली जवांदे दी’, ‘मेरा दिल’ और ‘सरदारी’ जैसे ट्रैक शामिल हैं. उनकी आवाज़ ने उन्हें लाखों प्रशंसकों का चहेता बना दिया है. सिर्फ सिंगिंग ही नहीं, बल्कि उन्होंने पंजाबी फिल्मों में भी अपनी एक्टिंग से खास पहचान बनाई है. वे सोशल मीडिया पर बहुत एक्टिव रहते थे और अक्सर अपनी बाइक राइड्स की तस्वीरें व वीडियो शेयर करते थे. बाइकिंग उनका शौक भी था और पैशन भी, लेकिन इसी शौक ने अब उन्हें जिंदगी और मौत के बीच खड़ा कर दिया है.
ये भी पढ़ें: Rise And Fall: वर्कर्स में से कौन होगा गेम से बाहर? डबल एलिमिनेशन से बेसमेंट में मची हलचल, रूलर्स को मिली स्पेशल पावर
