सपनों के शहर मुंबई में अपनी ऐसी पहचान बनाना कि आपको बार-बार किसी को ये न बताना पड़े कि ‘आप कौन हैं’, सुनने में जितना आसान लगता है, असल में उतना ही मुश्किल है. आज लग्जरी लाइफ जीने वाले और लंबी-लंबी गाड़ियों में घूमने वाले कई सितारों ने भी कभी ऐसा वक्त देखा है, जब दो वक्त के खाने और रहने की जगह तक के लिए जद्दोजहद करनी पड़ी थी.
आज हम आपको ऐसे ही एक एक्टर की कहानी बताने जा रहे हैं, जिसे डांस आता है, एक्टिंग में भी कमाल करता है, थोड़ी-बहुत कॉमेडी से हंसा सकता है और शानदार होस्टिंग भी कर लेता है. टैलेंट की कमी कभी नहीं रही, लेकिन इस टैलेंट को पहचान दिलाने के लिए उसे भी लंबा स्ट्रगल करना पड़ा. ये कहानी है राघव जुयाल की.
टैलेंट था, लेकिन पहचान बनाने के लिए करना पड़ा लंबा स्ट्रगल
राघव जुयाल आज फिल्मों और टीवी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं. उनका डांस करने का अंदाज हो या उनकी मजेदार बातें, फैंस उन्हें हर अंदाज में पसंद करते हैं. लेकिन राघव के लिए ये सफर इतना आसान नहीं था.
अपने पुराने स्ट्रगलिंग दिनों को याद करते हुए राघव ने एक इंटरव्यू में अपनी आर्थिक हालत के बारे में बात की थी. वहीं, कोरियोग्राफर टेरेंस लुईस ने भी एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि राघव के पास एक समय पर रहने तक की जगह नहीं थी.
अमेरिका से लौटे थे टेरेंस, यहीं मिले राघव
टेरेंस लुईस ने बताया था कि वह डांस सीखने के लिए अमेरिका गए थे. वहां से ट्रेनिंग लेकर जब वह भारत लौटे, तो उन्होंने अपना डांस इंस्टीट्यूट शुरू किया. इसी इंस्टीट्यूट में उन्हें शक्ति मोहन, पुनीत पाठक और राघव जुयाल जैसे टैलेंटेड डांसर्स मिले.
टेरेंस के मुताबिक, राघव का डांस बाकी लोगों से काफी अलग था. उनका अपना एक खास स्टाइल था. टेरेंस ने उन्हें दूसरे डांस फॉर्म भी सिखाए ताकि वह अपने डांस को और बेहतर कर सकें.
DID में जाने का सपना था, लेकिन पहले ही रिजेक्ट हो गए
राघव की नजर 'डांस इंडिया डांस 3' पर थी. उन्हें जब पता चला कि टेरेंस इस शो को जज कर रहे हैं, तो उन्होंने उनसे मदद मांगी. राघव ने टेरेंस से कहा कि अगर वह शो कर रहे हैं तो उनकी भी बात चला दें.
टेरेंस ने बताया कि उस समय उनकी शो में इतनी नहीं चलती थी. फिर भी उन्होंने राघव को ऑडिशन तक पहुंचने में मदद की. लेकिन ऑडिशन में रेमो डिसूजा और गीता कपूर राघव की परफॉर्मेंस से ज्यादा प्रभावित नहीं हुए और उन्हें सिलेक्ट नहीं किया गया.
टेरेंस को था राघव पर भरोसा
टेरेंस का मानना था कि राघव बाकी कंटेस्टेंट्स से अलग हैं. उन्होंने राघव को शो में लेने के लिए बाकी लोगों को समझाने की कोशिश भी की. लेकिन उस वक्त टेरेंस खुद शो में सबसे जूनियर थे और उनकी बात ज्यादा नहीं चलती थी.
राघव के रिजेक्ट होने के बाद वह टेरेंस के पास पहुंचे और बोले, ‘सर, गलत हुआ मेरे साथ.’ टेरेंस ने उन्हें समझाया कि किसी एक जज के हाथ में पूरा फैसला नहीं होता. कई लोग मिलकर तय करते हैं कि किसे शो में लेना है.
DID में नहीं मिली एंट्री, तो टेरेंस की टीम का बन गए हिस्सा
ऑडिशन में रिजेक्ट होने के बाद भी राघव ने हार नहीं मानी. उन्होंने टेरेंस से पूछा कि वह कहां जा रहे हैं. टेरेंस ने बताया कि वह अपनी टीम की रिहर्सल के लिए जा रहे हैं.
राघव ने तुरंत कहा कि वह भी उनके साथ चलेंगे और उनकी मदद करेंगे. टेरेंस उन्हें अपने स्टूडियो ले गए. वहां उन्होंने अपने असिस्टेंट्स से पूछा कि क्या राघव को टीम में रखा जाए. सभी की सहमति के बाद राघव उनकी टीम के साथ काम करने लगे.
राघव के पास रहने की जगह नहीं थी
यहीं से राघव के स्ट्रगल की एक ऐसी कहानी सामने आती है, जो शायद उनके फैंस को भी इमोशनल कर दे. टेरेंस ने बताया था कि राघव के पास उस समय रहने की जगह नहीं थी.
राघव ने टेरेंस से पूछा कि क्या वह उनके स्टूडियो में रह सकते हैं. इसके बाद टेरेंस उन्हें अपने घर ले गए. कुछ हफ्तों तक राघव उनके घर और स्टूडियो में रहे. वह वहां सिर्फ रहने के लिए नहीं थे, बल्कि टेरेंस की टीम के साथ काम भी करते थे और कोरियोग्राफी में मदद करते थे.
फिर राघव का ऑडिशन हो गया वायरल
राघव की जिंदगी में असली ट्विस्ट तब आया जब उनका DID ऑडिशन वाला एपिसोड टीवी पर प्रसारित हुआ. दर्शकों को उनका डांस और उनकी पर्सनैलिटी इतनी पसंद आई कि लोग उल्टा शो के जजों से सवाल करने लगे.
लोगों का कहना था कि अगर राघव इतने अलग और टैलेंटेड हैं तो उन्हें शो में क्यों नहीं लिया गया. देखते ही देखते राघव का ऑडिशन चर्चा में आ गया.
जिस शो ने रिजेक्ट किया, उसी में मिली वाइल्डकार्ड एंट्री
दर्शकों का रिएक्शन देखने के बाद चैनल ने टेरेंस से संपर्क किया. उन्हें पता चला कि राघव टेरेंस की टीम में असिस्टेंट के तौर पर काम कर रहे हैं. इसके बाद चैनल ने राघव को वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर शो में लाने का फैसला किया.
यानी जिस लड़के को ऑडिशन में रिजेक्ट कर दिया गया था, उसी लड़के को बाद में दर्शकों की डिमांड पर शो में वापस लाया गया. राघव की पर्सनैलिटी और उनका अलग अंदाज लोगों को इतना पसंद आया कि उनकी किस्मत ने यहीं से करवट लेना शुरू कर दिया.
आज राघव की पहचान ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है
राघव ने इसके बाद डांस के साथ-साथ एक्टिंग, कॉमेडी और होस्टिंग में भी अपना टैलेंट दिखाया. आज उनकी पहचान किसी एक चीज तक सीमित नहीं है.
ये भी पढ़ें: चीटिंग के शक पर एक्ट्रेस ने अपने ही पति के पीछे लगाया प्राइवेट डिटेक्टिव, फिर जांच में खुलते गए कई राज
