‘मैं वापस आऊंगा’ फिल्म का ट्रेलर रिलीज, बंटवारे के दर्द के बीच दिखेगी अनोखी प्रेम कहानी

Main Vaapas Aaunga Trailer: मशहूर डायरेक्टर इम्तियाज अली की नई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का शानदार ट्रेलर रिलीज हो गया है. यह फिल्म बंटवारे के दर्द और एक दिल छू लेने वाली प्रेम कहानी पर आधारित है.

Main Vaapas Aaunga Trailer: मशहूर फिल्ममेकर इम्तियाज अली अपनी फिल्मों में प्यार और भावनाओं को एक अनोखे अंदाज में दिखाने के लिए जाने जाते हैं. अब वह दर्शकों के लिए एक इमोशनल कहानी लेकर आ रहे हैं. उनकी आने वाली फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आज रिलीज कर दिया गया है. इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी जैसे बेहतरीन कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे, जो इंसानी रिश्तों की गहराई को स्क्रीन पर उतारेंगे.

देश के बंटवारे और 78 साल पुराने इंतजार की दास्तान

इस फिल्म का ट्रेलर प्यार, लंबे इंतजार और अपनेपन की एक खूबसूरत दुनिया की झलक दिखाता है. फिल्म के बारे में बात करते हुए डायरेक्टर इम्तियाज अली ने बताया कि ‘मैं वापस आऊंगा’ प्यार और इंतजार की एक ऐसी निजी कहानी है, जो देश के बंटवारे के 78 साल बाद भी किसी के दिल में बसी रही उन सैकड़ों कहानियों की गूंज भी है, जिन्हें मैंने उस पीढ़ी से सुना है जिसने अपनी आंखों से पार्टिशन देखा था. यह फिल्म आज के नजरिए से उस दौर और उस पीढ़ी की धड़कनों को महसूस करने की कोशिश करती है. इस कहानी पर काम करना और इसे फिल्म के रूप में दर्शकों तक पहुंचाना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है.

इम्तियाज, ए.आर. रहमान और इरशाद कामिल की तिकड़ी फिर साथ

फिल्म की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसमें एक बार फिर भारतीय सिनेमा की सबसे कामयाब तिकड़ी साथ आई है. डायरेक्टर इम्तियाज अली, संगीतकार ए. आर. रहमान और गीतकार इरशाद कामिल ने मिलकर इस फिल्म के लिए बेहतरीन गाने तैयार किए हैं. मेकर्स के मुताबिक, फिल्म के टीजर और गानों को पहले ही दर्शकों का भरपूर प्यार मिल चुका है, और अब ट्रेलर को लेकर भी फैंस के बीच काफी उत्सुकता है.

इस दिन रिलीज होगी फिल्म

अप्लॉज एंटरटेनमेंट के मूवी बिजनेस हेड सुनील चैनानी ने खुशी जताते हुए कहा कि वे इस बेहतरीन टीम के साथ काम करके बेहद गर्व महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह फिल्म स्क्रीन पर दर्शकों को एक बेहद इमोशनल और यादगार अनुभव देगी. बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स द्वारा बनाई गई यह फिल्म 12 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है.

यह भी पढ़ें: करुप्पु की ग्रैंड सक्सेस पर सीएम विजय का रिएक्शन, जानिए क्या बोले एक्टर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anushka singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >