90 के दशक में अपनी पहली ही फिल्म से लाखों दिलों पर राज करने वाली खूबसूरत अभिनेत्री महिमा चौधरी का आज जन्मदिन है. 13 सितंबर को जन्मी महिमा की लाइफ स्टोरी किसी फिल्मी ड्रामा से कम नहीं रही है. 'परदेस' की सीधी-सादी 'गंगा' बनकर दर्शकों के दिलों में बसने वाली महिमा ने अपनी जिंदगी में ऐसे-ऐसे दर्द झेले हैं, जिनकी हम और आप कल्पना भी नहीं कर सकते. चेहरे को छलनी कर देने वाले खौफनाक कार हादसे से लेकर ब्रेस्ट कैंसर जैसी बीमारी तक, महिमा ने हर मुश्किल को मात देकर यह साबित किया है कि वह सिर्फ रील नहीं, बल्कि असली जिंदगी की भी हीरो हैं. महिमा चौधरी के जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं उनके संघर्ष और शानदार वापसी की पूरी कहानी.
ऋतु चौधरी से कैसे बनीं 'महिमा'?
महिमा चौधरी का असली नाम ऋतु चौधरी था. फिल्मों में आने से पहले वह विज्ञापनों में काम करती थीं. आमिर खान और ऐश्वर्या राय के साथ पेप्सी के एक मशहूर विज्ञापन में नजर आने के बाद फिल्ममेकर सुभाष घई की नजर उन पर पड़ी. सुभाष घई अपनी फिल्म 'परदेस' के लिए 'M' अक्षर से नाम वाली हीरोइन ढूंढ रहे थे, इसलिए उन्होंने ऋतु का नाम बदलकर 'महिमा चौधरी' रख दिया.
SRK के साथ डेब्यू और पहली ही फिल्म से स्टारडम
साल 1997 में आई फिल्म 'परदेस' में महिमा ने शाहरुख खान के साथ काम किया. फिल्म ब्लॉकबस्टर रही और महिमा को उनकी बेहतरीन एक्टिंग के लिए 'फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू' का अवॉर्ड मिला. इसके बाद उन्होंने 'दाग: द फायर', 'धड़कन', 'कुरुक्षेत्र' और 'लज्जा' जैसी एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं.
एक हादसे ने चेहरे पर दिए 67 कांच के जख्म
साल 1999 में फिल्म 'दिल क्या करे' की शूटिंग के दौरान बेंगलुरु में महिमा की कार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी. इस हादसे में कार के शीशे टूटकर उनके चेहरे में धंस गए. डॉक्टरों को उनके चेहरे से करीब 67 कांच के टुकड़े निकालने पड़े थे. चेहरे पर लगे गहरे जख्मों की वजह से महिमा लंबे समय तक कैमरे और रोशनी से दूर रहीं और उनका करियर अचानक ढलान पर आ गया.
कैंसर को हराकर की धाकड़ वापसी
हादसे के दर्द से उबरीं तो महिमा को ब्रेस्ट कैंसर का पता चला. उन्होंने मुंबई में इसका इलाज कराया और कीमोथेरेपी के मुश्किल दौर से गुजरीं. अनुपम खेर ने जब उनका एक वीडियो शेयर किया, तो बिना बालों के भी महिमा के चेहरे की मुस्कान ने करोड़ों फैंस का दिल जीत लिया. कैंसर को पूरी तरह हराने के बाद महिमा ने एक बार फिर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा.
ये भी पढ़ें: Exclusive: 'अब क्या फायदा...' सुशांत के पिता ने स्टिंग देखने से किया इनकार, बोले मामा- हर बार जाग उठता है दर्द
