Hanuman Ansh Bollywood Deny Support: फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर बड़े सितारों और बड़े बजट वाली फिल्मों का दबदबा देखने को मिलता है. ऐसे में कम बजट की कोई फिल्म अगर बिना बड़े स्टार और बड़े प्रमोशन के दर्शकों के बीच अपनी जगह बना ले, तो उसकी सफलता खास बन जाती है. कुछ ऐसा ही इन दिनों ‘हनुमान अंश’ के साथ देखने को मिल रहा है. नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है. हालांकि, फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी का कहना है कि इस सफर में उन्हें बॉलीवुड से शुरुआत में कोई खास मदद नहीं मिली.
बॉलीवुड से मांगी मदद, लेकिन नहीं मिला साथ
हनुमान अंश के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने बातचीत में बताया कि फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने से पहले उन्होंने इंडस्ट्री के कई लोगों से मदद मांगने की कोशिश की थी. उनका कहना है कि उस समय उन्हें बहुत ज्यादा सपोर्ट नहीं मिला. कई लोगों ने फिल्म को लेकर अपनी राय दी, लेकिन व्यावहारिक तौर पर आगे आकर मदद करने वाले लोग कम थे.
निर्देशक ने इंडस्ट्री के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई लोग खुद नहीं जानते कि दर्शकों को क्या पसंद आएगा, लेकिन दूसरों को सलाह देने में पीछे नहीं रहते. उन्होंने बॉलीवुड को ‘कंफ्यूज्ड लोगों’ से भरी इंडस्ट्री तक बताया. उनके मुताबिक, फिल्म की सफलता के बाद कई ऐसे लोग भी संपर्क में आए, जिन्होंने शुरुआत में उनका साथ नहीं दिया था.
कम बजट में बनी फिल्म ने बदली तस्वीर
‘हनुमान अंश’ की सबसे खास बात इसका कम बजट और इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन है. फिल्म को बड़े स्टार्स या भारी-भरकम प्रचार अभियान का सहारा नहीं मिला.
इसके बावजूद दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ती गई और वर्ड ऑफ माउथ ने इसकी कमाई को रफ्तार दी. फिल्म ने कुछ ही समय में कई बड़ी रिलीज को पीछे छोड़ते हुए मजबूत कलेक्शन किया है.
कैसे मिला हनुमान अंश टाइटल
विशाल ने बताया कि जब वह फिल्म को लेकर रिसर्च कर रहे थे, तब वह वहां के मशहूर रेलवे स्टेशन लखनऊ-रसपुरी पहुंचे. वहां कुछ लोग बैठे हुए थे. विशाल उन लोगों का वीडियो बनाने लगे. तभी वहां बैठे एक व्यक्ति ने कहा कि वह आंशिक अवतार थे, आंशिक हनुमान थे.
उसी वक्त ‘हनुमान अंश’ का टाइटल विशाल के दिमाग में आया और उन्होंने फिल्म का नाम ‘हनुमान अंश’ रखने का फैसला किया.
विराट अनुष्का यह फिल्म देखें
विशाल चतुर्वेदी ने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी ख्वाहिश है कि यह फिल्म विराट और अनुष्का देखें. उन्होंने यह भी बताया कि मधुर भंडारकर ने उन्हीं कॉल कर के फिल्म की सफलता के लिए बधाई दिया. उन्होंने कहा बॉलीवुड में वह लोग अब बधाई दे रहे हैं जिनसे उन्होंने मदद मांगी थी और उनको यही सुनने को मिला कि यह फिल्म कोई नहीं देखेगा.
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह किसी का नाम नहीं लेंगे, उन्होंने मधुर भंडारकर का नाम इसलिए लिया क्यूंकि उनसे उन्होंने मदद नहीं मांगी थी. फिल्म की तारीफ कंगना रनौत, विजेंद्र सेहवाग और कई सितारों ने की है. यह भी पढ़ें: 61 करोड़ पार पहुंची Hanuman Ansh तो डायरेक्टर ने कंफर्म किया सीक्वल... ऐसे आगे बढ़ेगी नीम करौली बाबा की कहानी
नीब करोरी बाबा की कहानी से जुड़ी फिल्म
‘हनुमान अंश’ की कहानी संत नीब करोरी बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है. फिल्म को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है. कहानी में बाबा के जीवन, उनके विचारों और उनकी आध्यात्मिक विरासत को सिनेमाई तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है.
फिल्म में अहम किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्या भी काफी पॉपुलर हो रहे हैं. बता दें शोभिनव की यह पहली फिल्म है और उन्होंने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया है.
अब विदेशों में भी पहुंचेगी ‘हनुमान अंश’
भारत में मिली सफलता के बाद फिल्म का दायरा अब और बड़ा होने जा रहा है. ‘हनुमान अंश’ 11 सितंबर 2026 को विदेशी सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, जहां इसका अंतरराष्ट्रीय वितरण होम्बले फिल्म्स कर रही है. यानी जिस फिल्म को शुरुआत में बॉलीवुड से खास समर्थन नहीं मिला, वह अब देश के बाहर भी दर्शकों तक पहुंचने की तैयारी में है.
विशाल चतुर्वेदी की कहानी इस बात का उदाहरण है कि बड़े स्टार और भारी प्रमोशन के बिना भी कोई फिल्म दर्शकों के दिल तक पहुंच सकती है. ‘हनुमान अंश’ की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि आखिरकार दर्शक ही किसी फिल्म की असली किस्मत तय करते हैं.
यह भी पढ़ें: 'हनुमान अंश' के सेट पर हुए ऐसे चमत्कार, देखकर दंग रह गए मेकर्स; अचानक पेड़ पर आ बैठा बंदर और फिर...
