Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2: टीवी का चर्चित सीरियल क्योंकि सास भी कभी बहु थी 2 एक बार फिर दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है. शो में जहां एक ओर तुलसी और मिहिर के बीच रिश्ते की गर्माहट बढ़ती दिख रही है, वहीं दूसरी ओर करण और नंदिनी के रिश्ते में खटास गहराती नजर आ रही है. आने वाले एपिसोड्स दर्शकों के लिए कई इमोशनल और ट्विस्ट से भरे पल लेकर आने वाले हैं.
तुलसी के लिए खास बनेगा मिहिर का अंदाज
सीरियल में मिहिर और तुलसी के बीच रिश्ते में नई शुरुआत की झलक देखने को मिलेगी. परिवार जहां दोनों को एक साथ आगे बढ़ते देखना चाहता है, वहीं मिहिर भी तुलसी को खुश करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहा. अपकमिंग एपिसोड में मिहिर तुलसी के लिए खास अंदाज में ब्रेकफास्ट तैयार करेगा.
मिहिर, तुलसी को किचन से बाहर भेजकर खुद उसके लिए चाय और नाश्ते का इंतजाम करेगा. दिलचस्प बात यह होगी कि वह तुलसी के बनाए थेपलों को सजा-धजाकर पेश करेगा और इस पल को ‘डेट’ का नाम देगा. मिहिर का यह रोमांटिक अंदाज तुलसी को हैरान कर देगा, वहीं घर के बाकी सदस्य भी इस प्यारे मोमेंट को देखकर खुश नजर आएंगे.
करण-नंदिनी के रिश्ते में आएगा बड़ा मोड़
दूसरी तरफ करण और नंदिनी की कहानी में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. करण, नंदिनी को एक नए घर में लेकर जाएगा, जहां वह दोनों के साथ रहने की बात करेगा. हालांकि, नंदिनी को करण की बातों पर भरोसा नहीं होगा और वह उसके इरादों पर सवाल उठाएगी.
करण के मनाने के बावजूद नंदिनी का शक बढ़ता जाएगा, जिससे दोनों के बीच बहस छिड़ जाएगी. बात इतनी बढ़ जाएगी कि करण अपना आपा खो बैठेगा और रिश्ते को आगे न बढ़ा पाने की बात कह देगा. नंदिनी भी गुस्से में अलग होने की बात कहेगी, जिससे दोनों के रिश्ते पर विराम लगने के संकेत मिलेंगे.
अब देखना दिलचस्प होगा कि जहां एक ओर तुलसी और मिहिर का रिश्ता मजबूत होता जा रहा है, वहीं करण और नंदिनी की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है.
यह भी पढ़ें: टीआरपी की जंग में उलटफेर, ‘अनुपमा’ को तगड़ा झटका, बदल गया पूरा गेम
