Spider-Man: Brand New Day: 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' 31 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जबकि भारत में यह फिल्म 30 जुलाई को रिलीज होगी. रिलीज से पहले हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर में फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई, जहां कई फिल्म क्रिटिक्स और एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट ने इसे देखा. स्क्रीनिंग खत्म होते ही सोशल मीडिया पर फिल्म के फर्स्ट रिव्यू आने शुरू हो गए और ज्यादातर लोगों ने इसे टॉम हॉलैंड की अब तक की सबसे दमदार स्पाइडर-मैन फिल्म बताया.
Spider-Man: Brand New Day First Review: स्पाइडर-मैन फैंस के लिए 'लव लेटर' है फिल्म
हॉलीवुड के Fandango के सीनियर फिल्म क्रिटिक एरिक डेविस (Erik Davis) ने फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर अपना रिएक्शन शेयर किया. उन्होंने कहा कि 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' टॉम हॉलैंड की पिछली फिल्मों से ज्यादा मैच्योर और इमोशनल है. उनके मुताबिक, फिल्म में स्पाइडर-मैन के कुछ सबसे बेहतरीन एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलते हैं. उन्होंने इसे डिटेक्टिव स्टोरी, साइकोलॉजिकल थ्रिलर और बडी कॉमेडी का शानदार मिश्रण बताया. साथ ही कहा कि यह फिल्म स्पाइडर-मैन फैंस के लिए एक 'लव लेटर' जैसी है.
'मिनी अवेंजर्स फिल्म जैसा मिलेगा एहसास'
फिल्म क्रिटिक वेंडी ली स्जैनी (Wendy Lee Szany) ने सोशल मीडिया पर फिल्म को "फैंटास्टिक, नो नोट्स" बताया. उन्होंने लिखा कि फिल्म का एक्शन टॉप क्लास है और 'Spider-Man: No Way Home' के बाद पीटर पार्कर की जिंदगी में आए बदलाव को बेहद इमोशनल तरीके से दिखाया गया है. उनके मुताबिक, फिल्म के कुछ सीन दर्शकों को इमोशनल कर देंगे और इसे देखकर एक मिनी अवेंजर्स फिल्म जैसा एहसास होता है.
'टॉम हॉलैंड की बेस्ट स्पाइडर-मैन फिल्म'
एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट ब्रैंडन पोप ने भी फिल्म की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि डायरेक्टर डेस्टिन डेनियल क्रेटन ने पुराने स्पाइडर-मैन फिल्मों को शानदार ट्रिब्यूट दिया है. वहीं फिल्म क्रिटिक पीटर हॉवेल का कहना है कि इस बार टॉम हॉलैंड ने पीटर पार्कर और स्पाइडर-मैन के किरदार को पहले से कहीं बेहतर तरीके से निभाया है. उनके मुताबिक फिल्म में एक नया और खतरनाक विलेन भी है, जो कहानी को और रोमांचक बनाता है.
Spider-Man: Brand New Day की कहानी क्या है?
यह फिल्म 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' की घटनाओं के लगभग चार साल बाद की कहानी दिखाती है. अब पूरी दुनिया पीटर पार्कर को भूल चुकी है और वह अकेले ही स्पाइडर-मैन बनकर अपराधियों से लड़ रहा है. इसी बीच शहर में एक ऐसा नया दुश्मन आता है, जिसे देख पाना भी आसान नहीं है. अब पीटर पार्कर को इस नए खतरे से अपने शहर और अपने करीबियों को बचाना होगा.
फिल्म में कौन-कौन आएगा नजर?
फिल्म में टॉम हॉलैंड एक बार फिर पीटर पार्कर/स्पाइडर-मैन के रोल में दिखाई देंगे. उनके साथ जेंडाया (एमजे), जैकब बैटलॉन (नेड), जॉन बर्नथल (द पनिशर), मार्क रफालो (हल्क) और सैडी सिंक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें: Batwara 1947 ट्रेलर लॉन्च से आमिर खान क्यों रहे गायब? Sonam Wangchuk Controversy से जोड़ रहे लोग
