Dhurandhar 2: बॉलीवुड फिल्म धुरंधर: द रिवेंज को लेकर चल रही ‘प्रोपेगेंडा’ बहस पर अब रवि किशन खुलकर सामने आए हैं. उन्होंने साफ कहा है कि फिल्म को बेवजह प्रोपेगेंडा कहना गलत है और दर्शकों को ऐसी फिल्मों का समर्थन करना चाहिए.
दरअसल, इन दिनों ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है, लेकिन कुछ लोग इसे प्रोपेगेंडा फिल्म बताकर आलोचना कर रहे हैं. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रवि किशन ने कहा कि लोग फिल्म की सफलता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए इस तरह के टैग दे रहे हैं.
यह फिल्म इंडस्ट्री का वेकअप कॉल
उन्होंने बातचीत में कहा कि यह फिल्म नए दौर के सिनेमा की शुरुआत है, जिसमें सच्चाई और देशभक्ति को बेहतर तरीके से दिखाया गया है. उनके मुताबिक, एक कश्मीरी पंडित की कहानी को जिस तरह फिल्म में पेश किया गया है, वह दिल को छूने वाला है और इसे प्रोपेगेंडा कहना सही नहीं है. रवि किशन ने यह भी कहा कि किसी की सफलता को कमजोर दिखाने के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. उन्होंने इसे इंडस्ट्री के लिए ‘वेकअप कॉल’ बताया और कहा कि अब सिनेमा में सच्चाई को एंटरटेनमेंट के साथ दिखाने का समय आ गया है.
फिल्म ने पार की 1000 करोड़ की कमाई
फिल्म की सफलता की बात करें तो धुरंधर 2 ने कुछ ही दिनों में 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे कलाकार नजर आए हैं. वहीं रवि किशन के लेटेस्ट प्रोजेक्ट की बात करें तो वह इन दिनों अपनी वेब सीरीज मामला लीगल है को लेकर चर्चा में हैं और आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में दिखाई देंगे.
यह भी पढ़ें: IITian बाबा अभय सिंह ने गुपचुप किया लव मैरिज, पत्नी को लेकर पहुंचे घर
