Cocktail 2: शाहिद कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘कॉकटेल 2’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट अब और बढ़ गयी है. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और सेट से रैप-अप की तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं. इस बार शाहिद के साथ रश्मिका मंदाना और कृति सैनन लीड रोल में नजर आएंगी. लव ट्रायंगल देखने को मिलने वाला है.
कॉकटेल पार्ट वन ने मचाया था धमाल
कृति ने शूटिंग खत्म होने पर सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं और पूरी टीम का शुक्रिया अदा किया. साल 2012 में आई ‘कॉकटेल’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था. उस फिल्म में दीपिका पादुकोण, डायना पेंटी और सैफ अली खान थे. अब इसके सीक्वल को लेकर नई-नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
लेस्बियन कपल का हो सकता है एंगल
इसी बीच फिल्म की कहानी से जुड़ी कुछ बातें सामने आई हैं. खबर ये भी आई हैं कि ‘कॉकटेल 2’ में कृति सैनन और रश्मिका मंदाना एक लेस्बियन कपल के रोल में दिखाई दे सकती हैं. वहीं शाहिद कपूर तीसरे एंगल के तौर पर नजर आ सकते हैं. कहा जा रहा है कि फिल्म मॉडर्न रिलेशनशिप्स और बदलते प्यार के समीकरणों पर आधारित होगी, जिसमें एक दिलचस्प लव ट्रायंगल देखने को मिलेगा. हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक कहानी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
डायरेक्टर ने टीम को कहा शुक्रिया
डायरेक्टर होमी अदजानिया ने 31 जनवरी को इंस्टाग्राम पर शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी थी. उन्होंने एक फोटो शेयर की थी, जिसमें पूरी टीम केक काटकर जश्न मनाती नजर आई. तस्वीर में शाहिद, रश्मिका, कृति और खुद होमी मौजूद थे. फोटो पर लिखा था, “फिल्म रैप, लव यू फूल्स. खूब मजा आया. होमी ने कैप्शन में लिखा कि यह फिल्म उनके लिए खास है और पूरी टीम ने उनके “पागलपन” को झेला, इसके लिए वह सभी के शुक्रगुजार हैं.
सितंबर में हो सकती है रिलीज
फिल्म की रिलीज डेट अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक इसे सितंबर में रिलीज किया जा सकता है. बताया जा रहा है कि मेकर्स ने शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ और ‘कॉकटेल 2’ के बीच करीब छह महीने का गैप रखने का फैसला किया है, ताकि दोनों फिल्मों को पर्याप्त स्पेस मिल सके और दर्शकों को शाहिद का अलग अंदाज देखने का मौका मिले.
यह भी पढे़ं: रिलीज से पहले कोर्ट में घिरी ‘द केरल स्टोरी 2’, सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग
