Sidharth Malhotra Bhojpuri Controversy: कहते हैं फिल्मों में ट्विस्ट अचानक आता है, लेकिन सिद्धार्थ मल्होत्रा की कहानी का ये ट्विस्ट तो उनकी रियल लाइफ से निकला है. एक वक्त था जब भोजपुरी को लेकर दिया गया उनका एक कमेंट ऐसा बूमरैंग बना कि सोशल मीडिया से लेकर भोजपुरी इंडस्ट्री तक बवाल मच गया और आखिरकार एक्टर को सफाई देकर माफी मांगनी पड़ी. करीब 8 साल बाद कहानी ने ऐसा यू-टर्न लिया कि अब वही सिद्धार्थ बिहार की मिट्टी, वन देवी मंदिर और छठ पूजा की आस्था को अपनी अपकमिंग फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' में पर्दे पर उतार रहे हैं.
इस फिल्म के आने से पहले सिद्धार्थ का वो पुराना किस्सा जानना भी दिलचस्प है, जब भोजपुरी बोलना उनके लिए भारी पड़ गया था.
कहानी साल 2018 की है. सिद्धार्थ मल्होत्रा अपनी फिल्म 'अय्यारी' के प्रमोशन के लिए मनोज बाजपेयी और रकुल प्रीत सिंह के साथ सलमान खान के शो 'बिग बॉस 11' में पहुंचे थे.
शो का माहौल बिल्कुल मस्ती वाला था. इसी दौरान मनोज बाजपेयी ने सिद्धार्थ को भोजपुरी में सलमान खान की फिल्म 'टाइगर जिंदा है' का एक डायलॉग बोलने को कहा. सिद्धार्थ ने भोजपुरी में डायलॉग बोलने की कोशिश की, लेकिन उनका एक कमेंट विवाद का कारण बन गया.
उन्होंने भोजपुरी बोलने के एक्सपीरियंस की तुलना 'लैट्रिन वाली फीलिंग' से कर दी. यही वो लाइन थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा.
नीतू चंद्रा ने लगा दी क्लास
सिद्धार्थ के इस बयान पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया अभिनेत्री नीतू चंद्रा की आई. बिहार से ताल्लुक रखने वाली नीतू ने कहा कि आखिर भोजपुरी जैसी भाषा बोलने से किसी को 'लैट्रिन वाली फीलिंग' कैसे आ सकती है. नीतू ने इसे नेशनल टेलीविजन पर भोजपुरी का अपमान बताते हुए सिद्धार्थ से सवाल किया कि अपनी बात रखने से पहले उन्हें शब्दों के इस्तेमाल को लेकर ज्यादा सावधान रहना चाहिए था.
भोजपुरी समुदाय में भी नाराजगी देखने को मिली. उस वक्त अभिनेता-गायक मनोज तिवारी ने भी बयान पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि इस तरह किसी भाषा का अपमान नहीं होना चाहिए. कुछ जगहों पर FIR की मांग या शिकायत की बात भी सामने आई थी.
फिर सिद्धार्थ ने मांगी थी माफी
बढ़ते विवाद के बीच सिद्धार्थ ने एक्स पर सफाई देते हुए माफी मांगी थी. उन्होंने कहा था कि वह टीवी शो पर एक नई भाषा बोलने की कोशिश कर रहे थे और अगर इस दौरान अनजाने में किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह माफी मांगते हैं. साथ ही उन्होंने साफ किया था कि उनका किसी तरह का अपमान करने का इरादा नहीं था.
आज उसी बिहार की कहानी का हिस्सा हैं सिद्धार्थ
सिद्धार्थ मल्होत्रा की द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसमें तमन्ना भाटिया लीड रोल में हैं. वह छठ भी करती हैं. मूवी की कहानी एक शहरी शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी उसे वापस उसके पुश्तैनी गांव तक ले आती है. गांव पहुंचने के बाद वह एक ऐसे जंगल में कदम रख देता है, जहां जाना लंबे समय से वर्जित माना जाता है. लेकिन इस जंगल में दाखिल होना उसके लिए सिर्फ एक सफर नहीं, बल्कि एक रहस्यमयी घटना की शुरुआत बन जाता है. अनजाने में वह सदियों पुरानी दैवीय शक्ति 'वन देवी' को जागृत कर देता है. इसके बाद कहानी रहस्य, लोकविश्वास और आस्था की ऐसी दुनिया में पहुंचती है, जिसकी जड़ें बिहार की स्थानीय लोककथाओं और वन देवी से जुड़ी मान्यताओं में हैं.
ये भी पढ़ें: बिहार के रंग में रंगीं तमन्ना भाटिया, छठ की आस्था में हुईं लीन, बोली- छठी मैया से जुड़ाव महसूस किया
