Shahid Kapoor Film O Romeo: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर मेकर्स के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई. फिल्म की रिलीज डेट टालने को लेकर मुंबई की सिविल कोर्ट में दायर याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया. शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को तय तारीख पर ही सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी. दरअसल यह पिटीशन लेट गैंगस्टर हुसैन उस्तरा की बेटी ने दायर की थी. उनका आरोप था की फिल्म में उनके पिता की छवि को गलत तरीके से दिखाया गया है. इससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है. इसी आधार पर फिल्म की रिलीज डेट बदलने की मांग की गई थी.
कोर्ट ने इस मामले पर क्या कहा ?
7 फरवरी को आए कोर्ट के फैसले में इस दावे को पूरी तरह से खारिज कर दिया गया. कोर्ट ने साफ कहा कि “प्राइवेसी का अधिकार व्यक्ति तक सीमित होता है और व्यक्ति की मृत्यु के बाद यह अधिकार खत्म हो जाता है. इसे परिवार के सदस्य न तो विरासत में ले सकते हैं और न ही किसी फिल्म या आर्टिस्टिक काम को रोकने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. कोर्ट ने यह भी कहा कि फिल्म की शुरुआत में ही एक क्लियर डिस्क्लेमर दिया गया है, जिसमें कहा गया है कि फिल्म के सभी किरदार काल्पनिक हैं और किसी भी वास्तविक व्यक्ति से समानता महज संयोग है.”
किन अन्य बातों पर कोर्ट ने जोर दिया ?
इसके अलावा कोर्ट ने इस बात पर भी जोर दिया कि फिल्म का ऐलान साल 2024 में ही हो चुका था, लेकिन याचिका आखिरी वक्त में दायर की गई. ऐसे में अगर फिल्म की रिलीज रोक दी जाती है तो इससे मेकर्स, कलाकारों और फिल्म से जुड़े तमाम लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा. कोर्ट ने आगे यह भी कहा कि याचिकाकर्ता ने खुद मुआवजे की मांग की थी, जिससे साफ होता है कि अगर कोई नुकसान हुआ भी है तो उसकी भरपाई आर्थिक रूप से की जा सकती है. इसलिए फिल्म पर रोक लगाना सही कदम नहीं होगा. अब कोर्ट के इस फैसले के बाद साफ है कि शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की जोड़ी वाली यह फिल्म बिना किसी रुकावट के 13 फरवरी को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी.
यह भी पढ़ें: होंठों से छू लो तुम से कोई फरियाद तक, जगजीत सिंह के जन्मदिन पर सुनें उनकी ये 7 यादगार गजलें
