Border 2 Box Office Day 26: सनी देओल स्टारर बॉर्डर 2 सिनेमाघरों में अपने चौथे हफ्ते में भी टिके रहने का दम दिखा रही है. शुरुआती हफ्तों में जोरदार कमाई करने के बाद अब फिल्म की रफ्तार भले लाखों में सिमट गई हो, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी पकड़ अभी भी बनी हुई है. खास बात यह है कि चौथे मंगलवार को फिल्म ने फिर हल्की उछाल दिखाते हुए यह साबित किया कि दर्शकों के बीच इसकी मांग अभी खत्म नहीं हुई है.
26वें दिन का कलेक्शन
Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के 26वें दिन यानी चौथे मंगलवार को घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 91 लाख रुपये का कारोबार किया. यह आंकड़ा चौथे सोमवार की कमाई से थोड़ा बेहतर है. इसी के साथ भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 323.26 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. फिल्म अपनी लागत पहले ही निकाल चुकी है और अब यह साफ तौर पर फायदे में चल रही है.
दमदार स्टारकास्ट
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ जैसे कलाकार भी नजर आ रहे हैं. फिल्म की कहानी 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें सेना, नौसेना और वायु सेना की संयुक्त ताकत और बलिदान को बड़े पर्दे पर दमदार तरीके से दिखाया गया है. सनी देओल को फिर से वर्दी में देखना दर्शकों के लिए सबसे बड़ा आकर्षण साबित हुआ है.
कुल मिलाकर, चौथे हफ्ते में भी ‘बॉर्डर 2’ का प्रदर्शन यह दिखाता है कि देशभक्ति और दमदार कहानी वाली फिल्में दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक जगह बनाए रखती हैं.
यह भी पढ़ें: सलमान के पिता सलीम खान का अफगानिस्तान कनेक्शन, दूसरे देश से आए थे भारत
