Awarapan 2 vs Batwara 1947 Box Office Preview: 14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों की टक्कर होने वाली है. एक तरफ इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ है, जो 2007 की कल्ट फिल्म का सीक्वल है, तो दूसरी तरफ सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ है, जो 1947 के बंटवारे की कहानी लेकर आ रही है. दोनों फिल्मों का जॉनर और कहानी भले ही अलग है, लेकिन इंडिपेंडेंस डे वीकेंड पर दोनों की भिड़ंत देखने लायक होगी. ऐसे में अगर आप भी इस छुट्टी में फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले जान लीजिए दोनों फिल्मों का रनटाइम, स्टारकास्ट, कहानी और पहले दिन की अनुमानित कमाई में कौन आगे है.
Awarapan 2 vs Batwara 1947: दोनों फिल्मों की कहानी में क्या है खास?
सबसे पहले बात करते हैं ‘आवारापन 2’ की. यह फिल्म 2007 में आई कल्ट फिल्म ‘आवारापन’ की कहानी को करीब दो दशक आगे बढ़ाती है. फिल्म में इमरान हाशमी एक उम्रदराज और टूट चुके शिवम पंडित के किरदार में वापस लौट रहे हैं. पिछली फिल्म के अंत के बाद भी शिवम की जिंदगी खत्म नहीं होती. वह खुद को दुनिया से दूर कर लेता है और आलिया की कब्र की यादों में जीता है. लेकिन हालात उसे एक बार फिर संघर्ष, कुर्बानी और अपने किए का हिसाब चुकाने की राह पर ले आते हैं. यानी इस बार भी शिवम की कहानी में दर्द, इमोशन, एक्शन और खुद को दोबारा खोजने का सफर देखने को मिलेगा.
वहीं ‘बंटवारा 1947’ एक बिल्कुल अलग तरह की कहानी लेकर आ रही है. यह फिल्म 1947 में हुए भारत-पाकिस्तान के बंटवारे की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में उस दौर के लोगों की जिंदगी, उनके संघर्ष और बंटवारे की वजह से बदलती परिस्थितियों को दिखाया जाएगा. सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, करण देओल और अली फजल जैसे कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे.
Awarapan 2 vs Batwara 1947: कौन सी फिल्म है ज्यादा लंबी?
अगर आप फिल्म की लंबाई देखकर टिकट बुक करना चाहते हैं, तो दोनों के रनटाइम में ज्यादा अंतर नहीं है. ‘आवारापन 2’ का रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट 20 सेकंड है, जबकि ‘बंटवारा 1947’ 2 घंटे 25 मिनट 34 सेकंड लंबी है. यानी सनी देओल की फिल्म इमरान हाशमी की फिल्म से करीब 5 मिनट ज्यादा लंबी है.
Awarapan 2 vs Batwara 1947 Box Office Day 1: पहले दिन कौन करेगा ज्यादा कमाई?
अब सबसे जरूरी सवाल, पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर कौन आगे रहेगा? ट्रेड एनालिस्ट जोगिंदर टुटेजा के मुताबिक ‘बंटवारा 1947’ की शुरुआत फिलहाल करीब 7-8 करोड़ रुपये की हो सकती है. हालांकि फिल्म से कम से कम डबल डिजिट में ओपनिंग की उम्मीद थी.
वहीं ‘आवारापन 2’ को लेकर उनका अनुमान काफी ज्यादा है. उनके अनुसार फिल्म अब करीब 18 करोड़ रुपये की ओपनिंग के लिए मजबूत स्थिति में है और अगर स्पॉट बुकिंग जबरदस्त रही, तो यह आंकड़ा 20 करोड़ रुपये तक भी पहुंच सकता है.
जोगिंदर टुटेजा ने ‘आवारापन 2’ की तुलना 2026 की हिट फिल्म ‘सैयारा’ से भी की है. उनके मुताबिक जिस तरह ‘सैयारा’ की ओपनिंग को लेकर अनुमान लगातार बढ़ते गए थे, कुछ वैसा ही ट्रेंड अब ‘आवारापन 2’ के साथ देखने को मिल रहा है. यानी शुरुआती अनुमान से फिल्म काफी आगे निकलती दिख रही है.
ये भी पढ़ें: Independence Day Special: आर्मी से एयरफोर्स तक, वर्दी पहनकर छा गए ये बॉलीवुड सितारे
