बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर रणवीर सिंह से नाराजगी जताई है. दरअसल 6 जुलाई को रणवीर का जन्मदिन था. 13 जुलाई को रणवीर सभी को बर्थडे विशेज भेजने के लिए धन्यवाद कर रहे थे, लेकिन उन्होंने अमिताभ बच्चन को शु्क्रिया नहीं कहा. वहीं अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर रणवीर से पूछा,’ आपके जन्मदिन के मौके पर मैंने आपको एसएमएस कर बधाई दी थी. जवाब नहीं मिला अब तक…क्या आपने देखा?.’ रणवीर ने तुरंत अमिताभ के इस ट्वीट का जवाब दिया.
उन्होंने लिखा,’ उसके अलावा मैंने सबको रिप्लाई किया. मैंने क्रॉस चेक भी किया. आप मुझे विश करने वाले सबसे पहले इंसान थे.’ इसके बाद रणवीर ने एक और ट्वीट करते हुए लिखा,’ ये छोटी-छोटी बातें ही आपको महान बनाती हैं.’ बता दें कि इससे पहले अमिताभ बच्चन ने सोनम कपूर से भी नाराजगी जाहिर की थी. दरअसल सोनम के बर्थडे पर बिग बी ने एसएमएस कर उन्हें बर्थडे विश किया था लेकिन सोनम ने इसका रिप्लाई नहीं किया था.
…और सोनम से नाराज हो गये महानायक अमिताभ बच्चन, जानें वजह ?
रणवीर सिंह की प्रोफेशनल लाईफ की बात करें तो वे इनदिनों अपनी आगामी फिल्म ‘पद्मावती’ को लेकर बिजी है. संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणवीर खिलजी वंश के दूसरे शासक अलाउद्दीन खिलजी कर किरदार निभा रहे हैं. फिल्म खिलजी वंश के दूसरे शासक अलाउद्दीन खिलजी और मेवाड़ की रानी पद्मावती के प्रति उनके जुनूनी प्रेमगाथा का बखान करेगी. ऐसे में रणवीर ने इस फिल्म के प्रति खुद को समर्पित करते हुए अपने लुक को बदल डाला है. हाल ही में उन्होंने अपने दाढ़ी-मूंछ ट्रिम करवा लिये हैं. इसका वीडियो खुद उन्होंने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर शेयर किया था.
बताया जा रहा है कि रणवीर ने यह लुक जवान अलाउद्दीन खिलजी के लिए अपनाया है. रणवीर ने इस फिल्म के काफी हिस्से की शूटिंग कर चुके हैं. जबकि अब उन्हें फिल्म में अलाउद्दीन खिलजी के जवान दिनों की शूटिंग करना बाकी है. फिल्म में रणवीर के अलावा दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर मुख्य भूमिका में हैं.
