Amitabh Bachchan KBC 18: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर टीवी के सबसे लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 18वें सीजन के साथ दर्शकों के बीच हैं. शो में अमिताभ बच्चन पहले की तरह कंटेस्टेंट्स से सवाल पूछते, उनसे मजाक करते और उनकी जिंदगी से जुड़े किस्से सुनते नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस सीजन के दौरान बिग बी ने अपने अनुभव को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने फैंस का ध्यान खींचा है. उन्होंने कहा, 83 साल की उम्र में शो होस्ट करना उनके लिए सिर्फ काम नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा एक मुश्किल अनुभव भी बन गया है.
कंटेस्टेंट्स की कहानियां कर देती हैं भावुक
‘कौन बनेगा करोड़पति’ में आने वाले कंटेस्टेंट सिर्फ सवालों के जवाब देने के लिए हॉट सीट पर नहीं बैठते. उनके साथ उनकी जिंदगी की कहानियां भी होती हैं. कोई आर्थिक परेशानियों से जूझकर यहां पहुंचता है तो कोई परिवार के लिए बेहतर भविष्य बनाने का सपना लेकर आता है. कई प्रतियोगी अपने संघर्ष, दुख और मुश्किल हालात भी अमिताभ बच्चन के साथ शेयर करते हैं.
बिग बी ने अपने ब्लॉग में इसी अनुभव के बारे में लिखा कि कुछ कंटेस्टेंट इतनी गंभीर और इमोशनल व्यक्तिगत कहानियां लेकर आते हैं कि उनके साथ बातचीत करते हुए अपनी भावनाओं को संभालना और फिर शो की मेजबानी जारी रखना मुश्किल हो जाता है. उन्होंने इस पूरे अनुभव को ‘दिल तोड़ देने वाला’ बताया.
अमिताभ के लिए आसान नहीं है भावनाओं को संभालना
शो में अमिताभ बच्चन की भूमिका सिर्फ सवाल पूछने वाले होस्ट की नहीं है. वह प्रतियोगियों की बातें ध्यान से सुनते हैं, उनके संघर्ष को समझते हैं और कई बार उन्हें भावनात्मक रूप से संभालते हुए भी नजर आते हैं. ऐसे में जब किसी कंटेस्टेंट की कहानी बेहद दर्दनाक होती है, तो बिग बी के लिए खुद को सामान्य रखते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाना चुनौती बन जाता है.
उन्होंने यह भी कहा कि वह कुछ कहानियों के बारे में ज्यादा जानकारी पब्लिक्ली बात नहीं कर सकते, क्योंकि इससे शो और चैनल से जुड़े कुछ पहलुओं पर असर पड़ सकता है. लेकिन उनकी बातों से साफ है कि पर्दे पर दिखाई देने वाली मुस्कान के पीछे कई बार भावनाओं का भारी बोझ भी होता है.
‘सोचना पड़ेगा’ है इस सीजन की थीम
KBC 18 में इस बार ‘सोचना पड़ेगा’ थीम पर जोर दिया गया है. शो के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन ने समझाया है कि जिंदगी में हर सवाल का पहला जवाब जरूरी नहीं कि सही हो. इसलिए किसी फैसले पर पहुंचने से पहले रुककर सोचने की जरूरत है.
इस सीजन में सिर्फ जानकारी होने के बजाय उसे समझने और सही समय पर उसका इस्तेमाल करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है. यह थीम शो के सवालों के साथ-साथ जिंदगी से जुड़े फैसलों पर भी लागू होती है.
83 की उम्र में भी लगातार काम कर रहे हैं बिग बी
अमिताभ बच्चन की उम्र 83 साल है, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार काम कर रहे हैं. KBC के अलावा वह फिल्मों में भी एक्टिव हैं. उनकी लोकप्रियता का एक बड़ा कारण यह भी है कि इतने लंबे करियर के बाद भी वह दर्शकों के साथ अपना जुड़ाव बनाए हुए हैं.
ये भी पढ़ें: Amitabh Bachchan: जया बच्चन के गुस्से और डांट से कैसे बचते हैं अमिताभ बच्चन? 'KBC 18' के मंच पर खोला घर का सीक्रेट
